राजस्थान : 32 जिलों में कल उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 92.83 लाख बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 21 नवंबर। राज्य के 32 जिलों में रविवार को उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान पांच वर्ष तक की आयु के 92 लाख 83 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक डॉ. जोगाराम ने बताया कि प्रदेश में 59 हजार से अधिक बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।
इसके लिए 75 हजार से अधिक टीमें तैनात की गई हैं। इनमें करीब सात हजार ट्रांजिट और नौ हजार मोबाइल टीमें शामिल हैं, जो बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों पर बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी। अभियान के दौरान घुमंतू जनजातियों के डेरों, ईंट भट्टों पर कार्यरत श्रमिकों के बच्चों तथा दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के अगले दो दिनों में स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे, जो बूथों पर दवा लेने से वंचित रह गए हैं। अभियान के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्यकर्मियों, एएनएम, आशा सहयोगिनियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है। अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आज प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जनजागरूकता रैलियां भी निकाली गईं।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
पोलियो टीकाकरण अभियान एक सार्वजनिक स्वास्थ्य पहल है, जिसका उद्देश्य बच्चों में पोलियो वायरस को रोकना है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि राजस्थान में 32 जिलों में 92.83 लाख बच्चों को टीका दिया जाएगा, जिससे रोग का प्रसार नियंत्रित रहेगा। इस अभियान से आम जनता को सुरक्षित और स्वस्थ बचपन की आशा मिलेगी, तथा पोलियो के समाप्ति की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जाएगा।