राजस्थान: आबूरोड में एयरस्ट्रिप को विकसित बनाने की दिशा में काम कर रही हैं राज्य सरकार, केंद्र को भेजा प्रस्ताव: मुख्यमंत्री
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सिरोही, 26 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार सिरोही जिले के आबूरोड में एयरस्ट्रिप को और विकसित बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। इसके लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है और राज्य सरकार ने निर्माण इसके लिए राशि भी भर दी हैं। मुख्यमंत्री सोमवार को आबूरोड स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान के मुख्यालय शांतिवन परिसर के डायमंड हॉल में संस्थान के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित नवदशकोत्सव एवं ग्लोबल समिट-2026 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्थान को साधना, सेवा और विश्व कल्याण की भावना का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि संस्थान आध्यात्मिक चेतना, शांति और सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार के माध्यम से मानवता के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व कल्याण के लिए पूरी दुनिया भारत की ओर सम्मान से देखती है।
भारत की प्राचीन परंपरा ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के विचारों पर आधारित है, जो समूचे विश्व के सुख और कल्याण की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान भारत के आध्यात्मिक विचारों को दुनिया तक पहुंचाने में सेतु का काम कर रहा है।
वहीं कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब देश का प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों और कर्मों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देगा। उन्होंने कहा कि सेवा हमारे लिए विकल्प नहीं, बल्कि स्वभाव बननी चाहिए।
उन्होंने भारतीय संस्कृति की पहचान संस्कार, सेवा और समर्पण को बताते हुए कहा कि मौन और शांति की शक्ति व्यक्ति को चुनौतियों का सामना करने की ऊर्जा देती है। सकारात्मक सोच के साथ संघर्षों से लड़ने में आध्यात्मिक शक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्थान के विश्व शांति, आध्यात्मिक जागरण और नशामुक्ति अभियान की सराहना करते हुए इस अभियान को सफल बनाने के लिए सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने की बात कही।
साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्ति अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, ब्रह्माकुमारी संस्था की प्रमुख राजयोगिनी मोहिनी दीदी, अतिरिक्त महासचिव बीके मृत्युंजय भाई आदि उपस्थित रहे।