राजस्थान: अंतर रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर पश्चिम रेलवे के खिलाड़ियों ने जीते सात पदक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 14 सितंबर। कोलकाता में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित 91वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर पश्चिम रेलवे के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण और तीन कांस्य पदक जीते। पुरुष वर्ग के डेकाथलॉन में यमनदीप शर्मा और 800 मीटर दौड़ में शकील ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
महिला वर्ग में माया ने हैमर थ्रो और अंताक्षरी ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। कांस्य पदक जीतने वालों में पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सदानंद और शॉटपुट में सन्यम शामिल हैं। वहीं अभिजीत, ऋषु, शकील और रुबिना की टीम ने 4×400 मीटर मिश्रित रिले में कांस्य पदक अपने नाम किया। चैंपियनशिप में उत्तर पश्चिम रेलवे के खिलाड़ियों ने विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।
रेलवे के अनुसार, खिलाड़ियों की इस सफलता में निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्तर पश्चिम रेलवे ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।