राजस्थान: कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मिनी बस नाले में गिरी, 8 की मौत, 17 घायल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कोटा, 17 अक्टूबर। कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक मिनी बस अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे नाले में गिर गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। दुर्घटना सिमलिया थाना क्षेत्र में हुई। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। सभी लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे। बस में सवार सभी यात्री आपस में रिश्तेदार थे और खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए शुक्रवार शाम सात बजे भोपाल से रवाना हुए थे। कोटा से करीब 35 किलोमीटर दूर बस हादसे का शिकार हो गई। पुलिस को आशंका है कि चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हुआ।
कोटा ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। कई घायल सीटों के बीच फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़कर बाहर निकाला। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आगे बैठे यात्रियों को ज्यादा चोटें आईं।
जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बस में कई परिवारों के लोग सवार थे और उनके आपसी संबंधों की जानकारी जुटाई जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव कार्य के लिए आठ लेन एम्बुलेंस सेवा के साथ दीगोद और सुल्तानपुर क्षेत्र की 108 एम्बुलेंस भी मौके पर भेजी गईं। पुलिस और प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
एसएचओ नंद सिंह ने बताया कि बस भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही थी। कराड़िया टोल से कुछ किमी दूर पुलिया से 15 फीट नीचे गिर गई। हादसे में 17 यात्रियों घायल हुए हैं। कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ नीलेश जैन के अनुसार सभी मृतकों और घायलों की पहचान हो गई है। हादसे में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी, राजू व बस ड्राइवर मिलाकर कुल 8 लोगों की मौत हो गई है।