राजनीति

राजस्थान: निकाय चुनाव के दूसरे चरण में मतदान जारी, सुबह 10 बजे तक 20.51 प्रतिशत मतदान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 17 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
राजस्थान: निकाय चुनाव के दूसरे चरण में मतदान जारी, सुबह 10 बजे तक 20.51 प्रतिशत मतदान

जयपुर, 11 सितंबर। राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। इस चरण में छह नगर निगम सहित 147 नगरीय निकायों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रदेश में सुबह 10 बजे तक 20.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बालोतरा जिले की धोरीमन्ना नगरपालिका में सबसे अधिक 44.38 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि उदयपुर नगर निगम में सबसे कम 12.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जयपुर नगर निगम में 16.23 प्रतिशत, अजमेर में 14.58 प्रतिशत, कोटा में 14.55 प्रतिशत, जोधपुर में 19.96 प्रतिशत और पाली नगर निगम में 19.14 प्रतिशत मतदान हुआ है।

गौरतलब है कि निकाय चुनाव के दूसरे चरण में 4 हजार 774 वार्डों के लिए 9 हजार 758 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 87 लाख 60 हजार से अधिक मतदाता 18 हजार 200 से ज्यादा उम्मीदवारों के चुनावी भविष्य का फैसला करेंगे। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए 54 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी सुबह से मतदान केंद्रों पर पहुंचकर उत्साह के साथ मतदान कर रहे हैं।

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में मतदान हो रहा है। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने जयपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 30 के बूथ संख्या 433 पर मतदान किया। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक भागीदारी करते हुए निष्पक्ष रूप से अपने शहर की सरकार चुनने की अपील की।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने राजकीय सेठ आनंदी लाल पोद्दार बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार और दायित्व है। उन्होंने आमजन से अधिकाधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने वार्ड संख्या 141 स्थित पेंशन कार्यालय के बूथ संख्या 10 पर मतदान किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा में, जबकि राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने जयपुर में मतदान किया। राज्यपाल ने मतदाताओं से भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने और अधिकाधिक संख्या में मतदान करने का आह्वान किया। राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया ने जयपुर के वार्ड संख्या 34 के बूथ संख्या एक पर परिवार के साथ मतदान किया।

राज्य के सभी 309 नगर निकायों में मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 सितंबर को मतगणना होगी। वहीं, नगर निकायों के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 21 सितंबर को कराया जाएगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।