राजनीति

राजस्थान में पंचायत चुनाव लड़ेगी AAP, प्रदेशभर में उतारेगी उम्मीदवार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
राजस्थान में पंचायत चुनाव लड़ेगी AAP, प्रदेशभर में उतारेगी उम्मीदवार

जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान AAP के राज्य संगठन महासचिव विश्वेंद्र सिंह ने प्रदेशभर में पंचायती राज चुनाव लड़ने की घोषणा की। पार्टी ने इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं और इसके लिए QR कोड जारी किया है।

जयपुर, 21 सितम्बर। आम आदमी पार्टी राजस्थान आगामी पंचायती राज चुनाव में प्रदेशभर में उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। जयपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राज्य संगठन महासचिव विश्वेंद्र सिंह ने इसकी घोषणा की।

उन्होंने बताया कि हाल ही में बारां नगर परिषद में AAP के 60 में से 31 वार्ड जीतने के बाद पार्टी संगठन में चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों के पार्टी से संपर्क करने की बात भी उन्होंने कही।

पार्टी की ओर से इच्छुक उम्मीदवारों के आवेदन के लिए QR कोड जारी किया गया है, जिसके माध्यम से उम्मीदवार अपना आवेदन कर सकते हैं। प्रेस वार्ता में पार्टी के राज्य सचिव जुगल किशोर शर्मा भी मौजूद रहे।

पार्टी के अनुसार, बारां नगर परिषद के चुनाव परिणाम के बाद संगठन से जुड़ने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि हुई है और युवाओं में भी स्थानीय राजनीति में भागीदारी को लेकर रुचि बढ़ी है। AAP आगामी पंचायती राज चुनाव में अधिक से अधिक युवाओं को अवसर देने की दिशा में काम कर रही है।

वहीं, आज शीतल राठौर ने बारां नगर परिषद के सभापति पद की शपथ ली। बारां नगर परिषद में AAP ने 31 वार्ड जीतकर बहुमत हासिल किया था।

पार्टी ने इसे राजस्थान में स्थानीय राजनीति में अपनी गतिविधियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताया है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।