राजस्थान पंचायत चुनाव: राज्य में दोपहर एक बजे तक 33.31 प्रतिशत दर्ज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 22 अक्टूबर। राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए मतदान जारी है। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। दोपहर एक बजे तक प्रदेश में 33.31 प्रतिशत मतदान हुआ। उदयपुर जिले की नाई पंचायत समिति में सर्वाधिक 52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा पंचायत समिति में सबसे कम 22.72 प्रतिशत मतदान हुआ।
जयपुर जिले में दोपहर एक बजे तक 35.09 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक के अनुसार जिले में कुल 7 लाख 43 हजार 640 मतदाताओं में से 2 लाख 60 हजार 980 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। पंचायत समिति वार मतदान प्रतिशत में मौजमाबाद में 39.73, दूदू में 38.42, चौमूं में 35.10, गोविंदगढ़ में 31.74, झोटवाड़ा और जोबनेर में 36.93-36.93, किशनगढ़ रेनवाल में 31.16 तथा सांभर में 32.89 प्रतिशत मतदान हुआ।
उधर, पाली जिले में पहले चरण के तहत पांच पंचायत समितियों के 95 वार्डों और जिला परिषद के 18 वार्डों के लिए मतदान जारी है। दोपहर एक बजे तक बगड़ी नगर में 34.97, मारवाड़ जंक्शन में 26.82, रानी में 24.75, सोजत में 31.98 और सुमेरपुर में 29.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, राजसमंद जिले की पांच पंचायत समितियों में औसतन 28.44 प्रतिशत मतदान हुआ। इनमें आमेट में 30.11, चारभुजा में 27.83, देलवाड़ा में 26.63, खमनोर में 25.92 और कुंभलगढ़ में 31.72 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।