राजनीति

राजस्थान: पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में सुबह 10 बजे तक 13.68 प्रतिशत मतदान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
राजस्थान: पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में सुबह 10 बजे तक 13.68 प्रतिशत मतदान

जयपुर, 28 अक्टूबर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण के तहत बुधवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान जारी है। सुबह सात बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम छह बजे तक चलेगी। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 10 बजे तक प्रदेश में 13.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कोटा जिले की खैराबाद पंचायत समिति में सर्वाधिक 20.60 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि झालावाड़ जिले की पिड़ावा पंचायत समिति में सबसे कम 6.08 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस चरण में अजमेर, राजसमंद, अलवर, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, डूंगरपुर और झालावाड़ सहित 22 जिलों में मतदान हो रहा है।

जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाने और अधिकाधिक मतदान करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि चुनाव संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं।

राजसमंद में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सुबह से ही केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। भीलवाड़ा जिले में भी दूसरे चरण के लिए मतदान के लिए मतदाताओं में बड़ा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले की शंभुगढ़ पंचायत समिति मुख्यालय के मतदान केंद्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर को आदर्श मतदान केंद्र होने के कारण आकर्षक तरीके से सजाया गया।

इसके साथ ही विभिन्न जिलों में बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं में मतदान को लेकर उत्साह देखा गया है। दूसरे चरण के जिलों में गुरुवार को पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी, जबकि शुक्रवार को मतदान कराया जाएगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना होगी और 31 अक्टूबर को उपसरपंचों का चयन किया जाएगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।