राजस्थान: पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण में 68.39 प्रतिशत मतदान, नाहरपुरा पंचायत समिति में सर्वाधिक वोटिंग
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 3 नवंबर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मंगलवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। शाम छह बजे तक प्रदेश में 68.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि, अंतिम आंकड़े आना बाकी हैं। बांसवाड़ा जिले की नाहरपुरा पंचायत समिति में सर्वाधिक 82.71 प्रतिशत, जबकि दौसा पंचायत समिति में सबसे कम 49.90 प्रतिशत मतदान हुआ।
इस चरण में 27 जिला परिषदों के 377 और 116 पंचायत समितियों के 2 हजार 119 वार्डों के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान के दौरान प्रदेश के कई जिलों में सुबह से ही केंद्रों पर कतारें लगी रहीं। युवाओं और बुजुर्गों ने भी उत्साह के साथ मतदान किया।
कुछ स्थानों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदान प्रक्रिया थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुई। वहीं, दौसा, भरतपुर, डीडवाना-कुचामन और करौली के कुछ गांवों में ग्रामीणों ने विभिन्न कारणों से मतदान से दूरी बनाए रखी।
भरतपुर जिले की नदबई, बयाना, भुसावर और वैर पंचायत समितियों के साथ जिला परिषद सदस्यों के चुनाव में भी मतदाताओं ने भागीदारी निभाई। यहां मतदान केंद्रों पर लोगों में उत्साह देखा गया।