राजनीति

राजस्थान: पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण में सरपंच व वार्ड पंच चुनाव के लिए मतदान जारी, दोपहर 1 बजे तक 46.15 प्रतिशत मतदान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
राजस्थान: पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण में सरपंच व वार्ड पंच चुनाव के लिए मतदान जारी, दोपहर 1 बजे तक 46.15 प्रतिशत मतदान

जयपुर, 5 नवंबर। राज्य में पंचायतीराज आम चुनाव के तीसरे चरण के तहत गुरुवार को ग्राम पंचायतों के सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी हैं। दोपहर 1 बजे तक प्रदेश की 116 पंचायत समितियों में औसतन 46.15 प्रतिशत मतदान हुआ। बालोतरा जिले की गुढ़ामालानी पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 58.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

जबकि सबसे कम बूंदी जिले की तालेड़ा पंचायत समिति में 33.82 प्रतिशत मतदान हुआ। जयपुर जिले की पांच समितियों की 133 ग्राम पंचायतों में 48.97 प्रतिशत मतदान हुआ। ब्यावर जिले की चार पंचायत समितियों की 116 ग्राम पंचायतों में सरपंच व पंच के लिए मतदान के दौरान लोकतंत्र के प्रति मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला।

मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना व पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़ ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान के लिए पहुंचे मतदाताओं से संवाद किया और मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

उधर, सलूंबर जिले की चार पंचायत समितियों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए ग्रामीण उत्साह से वोट डालने पहुंचे। श्रीगंगानगर जिले की सूरतगढ़, राजियासर और श्रीविजयनगर पंचायत समितियों की 102 ग्राम पंचायतों में भी मतदान जारी है। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। इसके तुरंत बाद पहले वार्ड पंच और फिर सरपंच पद के वोटो की गिनती की जाएगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।