अपराध

राजस्थान में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए बनेंगे टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स सेंटर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
राजस्थान में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए बनेंगे टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स सेंटर

एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और कैब पर लगेंगे विशेष QR कोड, स्कैन करते ही मिलेगी सुरक्षा और आपातकालीन सहायता की जानकारी

जयपुर, 22 नवंबर। राजस्थान आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स (TAF) सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से राजस्थान पुलिस और पर्यटन विभाग पर्यटकों को सुरक्षा, मार्गदर्शन और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराएंगे।

इसके साथ ही पर्यटन स्थलों पर लगे CCTV कैमरों को पुलिस के अभय कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा। पर्यटकों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ऑटो और कैब पर विशेष QR कोड भी लगाए जाएंगे। इन्हें स्कैन करते ही पर्यटकों को सुरक्षा, पर्यटन और आपातकालीन सहायता से जुड़ी आवश्यक जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकेंगी।

इस संबंध में पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में पुलिस और पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में 2 सितंबर 2026 को आयोजित बैठक के निर्णयों की अनुपालना की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि 'पधारो म्हारे देश' की भावना के अनुरूप राजस्थान आने वाले प्रत्येक पर्यटक की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने राज्य विशेष शाखा और पर्यटन विभाग को प्रमुख पर्यटन स्थलों का नियमित सुरक्षा ऑडिट करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटकों से प्राप्त फीडबैक और शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने तथा सुझावों के आधार पर सुविधाओं का लगातार विस्तार करने पर जोर दिया।

डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन सीजन शुरू हो रहा है। ऐसे में पर्यटकों के साथ बेहतर संवाद और समन्वय जरूरी है। उन्होंने टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स के जवानों, गार्ड और गाइड को भाषिणी जैसे मोबाइल ऐप डाउनलोड कराने के निर्देश दिए, ताकि विदेशी पर्यटकों की भाषा समझकर उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सके।

उन्होंने टीएएफ कार्मिकों को फ्रेंच सहित अन्य विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया। प्रमुख मेलों में टीएएफ के साथ होमगार्ड की सेवाएं लेने और पर्यटन स्थलों पर नियमित एवं समयबद्ध साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में डीजीपी (ट्रैफिक) मालिनी अग्रवाल ने पर्यटकों और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रावधानों सहित विभिन्न विषयों पर विचार रखे।

पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियार ने बताया कि विभिन्न देशों के दूतावासों के प्रतिनिधियों ने हाल ही में राजस्थान में पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की सराहना की है। पर्यटकों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए पर्यटन विभाग एक एकीकृत मोबाइल ऐप तैयार कर रहा है। इस ऐप में चैटबॉट के साथ राजस्थान पुलिस के राजकॉप ऐप, नीड हेल्प और अन्य आपातकालीन नंबरों की जानकारी उपलब्ध होगी। इससे पर्यटकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर पर्यटन संबंधी जानकारी और जरूरत के समय सहायता प्राप्त करने में सुविधा होगी। बैठक में पुलिस, पर्यटन विभाग और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।