राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन में तीन माह में भूखंड आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो : मुख्यमंत्री, पेट्रोकेमिकल जोन के विकास को लेकर अहम बैठक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 14 नवंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन को प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया आगामी तीन माह में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भूखंड आवंटित होने के छह माह के भीतर संबंधित औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और संचालन भी सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री शनिवार को राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन के विकास, औद्योगिक निवेश और उपलब्ध संभावनाओं को लेकर आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पेट्रोकेमिकल आधारित अधिकाधिक उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाए और रिफाइनरी से प्राप्त उत्पादों का उपयोग प्रदेश में ही हो, ताकि स्थानीय उत्पादन और रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
मुख्यमंत्री ने शेष उपलब्ध भूखंडों का शीघ्र नीलामी के माध्यम से आवंटन करने तथा भूखंड मिलने के बावजूद औद्योगिक गतिविधियां शुरू नहीं करने वाले आवंटियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक भूमि का उपयोग वास्तविक उत्पादन गतिविधियों के लिए होना चाहिए और निवेश के नाम पर भूखंडों को अनावश्यक रूप से खाली नहीं रखा जाए। उन्होंने सीमेंट, पाइप सहित विभिन्न उत्पादों के निर्माण में पेट्रोकेमिकल उत्पादों के उपयोग की संभावनाओं का आकलन करने तथा प्रदेश में इनकी वर्तमान मांग और भविष्य की औद्योगिक जरूरतों का अध्ययन कराने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय उद्यमियों और औद्योगिक इकाइयों के संचालकों के साथ बैठक कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों पर विचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बालोतरा में निवेशकों की बैठक आयोजित कर पेट्रोकेमिकल जोन में निवेश आकर्षित करने पर जोर दिया। साथ ही रिफाइनरी अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों को रिफाइनरी के बाय-प्रोडक्ट्स रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
शर्मा ने राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना, प्लग एंड प्ले सहित अन्य निवेश संवर्धन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेशकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखा जाए और औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में आने वाली बाधाओं का समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेट्रोकेमिकल जोन का सुनियोजित विकास प्रदेश में नए उद्योगों की स्थापना, निवेश विस्तार और रोजगार सृजन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय अखिल अरोड़ा सहित निवेश संवर्धन ब्यूरो, राजस्थान औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम, उद्योग विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन में औद्योगिक भूखंड आवंटन की प्रक्रिया को तीन महीने में पूरा करने का निर्णय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लिया है। यह कदम राज्य के औद्योगिक विकास, निवेश आकर्षण और रोजगार सृजन के लक्ष्य को तेज करने के लिए उठाया गया है। इस पहल से पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में नई इकाइयाँ स्थापित होंगी, जिससे स्थानीय युवाओं को बेहतर नौकरी के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।