राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 मे AI से शिकायतों का होगा निस्तारण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 21 अक्टूबर। राजस्थान में जन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण की दिशा में राजस्थान संपर्क एआई महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बुधवार को महानिदेशक, आईजीपीआरएस नीरज के. पवन ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, प्राप्त शिकायतों के निस्तारण और राजस्थान संपर्क एआई के जरिए शिकायतों के विश्लेषण की प्रक्रिया की जानकारी ली।
उन्हें बताया गया कि राजस्थान संपर्क एआई के माध्यम से जिला एवं विभागवार शिकायतों का विश्लेषण कर यह पता लगाया जा सकता है कि किन जिलों में किन विभागों से संबंधित शिकायतें अधिक प्राप्त हो रही हैं। इसके साथ ही शिकायतों के रुझानों और बार-बार सामने आने वाली समस्याओं की भी पहचान की जा सकती है।
नीरज के. पवन ने राजस्थान संपर्क एआई की सराहना करते हुए इसे उपयोगी और प्रभावी पहल बताया। उन्होंने कहा कि एआई के प्रभावी उपयोग से शिकायतों की प्रकृति और प्रवृत्तियों का आकलन कर उनके निस्तारण को अधिक त्वरित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। इससे शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता में सुधार होगा, परिवादियों की संतुष्टि बढ़ेगी और सुशासन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारी और राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 के अधिकारी उपस्थित रहे।