राज्य

राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: चिकित्सा मंत्री

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 16 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: चिकित्सा मंत्री

गजेन्द्र सिंह खींवसर ने सभी चिकित्सा संस्थानों में नियमित पेस्ट कंट्रोल और साफ-सफाई के दिए निर्देश, चूहों और आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए मांगी प्रभावी व्यवस्था

जयपुर। 16 नवंबर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों और अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को सुरक्षित, स्वच्छ और संक्रमणमुक्त वातावरण उपलब्ध करवाना चिकित्सा संस्थानों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

चिकित्सा मंत्री ने प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों, जिला अस्पतालों, उप जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित पेस्ट कंट्रोल करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि चूहों और अन्य कीटों की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अस्पतालों के वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, प्रसूति कक्ष, शौचालय और अन्य चिकित्सा इकाइयों में नियमित साफ-सफाई रखी जाए तथा इसकी निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अस्पताल भवनों के खिड़की-दरवाजों, नालियों और अन्य प्रवेश मार्गों का निरीक्षण कर उन स्थानों को सुरक्षित करने के निर्देश दिए, जहां से चूहे और आवारा पशु परिसर में प्रवेश कर सकते हैं।

साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को खाद्य सामग्री खुली नहीं छोड़ने के लिए जागरूक करने तथा कैंटीन और भोजन वितरण स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।

मंत्री खींवसर ने अस्पतालों में तैनात सुरक्षा गार्डों को निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप ड्यूटी करने और वार्डों सहित पूरे अस्पताल परिसर में आवारा पशुओं के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल अधीक्षकों, प्रमुख चिकित्सा अधिकारियों और संस्थान प्रभारियों को नियमित निरीक्षण कर स्वच्छता एवं सुरक्षा से जुड़ी कमियों को तत्काल दूर करवाने को कहा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जहां भी व्यवस्थाओं में कमी या लापरवाही सामने आएगी, वहां संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज पहले ही शारीरिक और मानसिक परेशानी से गुजर रहे होते हैं।

ऐसे में अस्पतालों में चूहों, आवारा पशुओं या अस्वच्छता के कारण उन्हें अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़े, यह किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी चिकित्सा संस्थानों को निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने को कहा।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्णय चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने लिया है। यह कदम अस्पतालों में पेस्ट कंट्रोल, साफ-सफाई और चूहों व आवारा पशुओं के नियंत्रण के लिए निर्देशों के साथ आया है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि अस्पतालों में स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण की कमी से रोगियों को गंभीर स्वास्थ्य जोखिम हो सकते हैं। इस पहल से रोगियों को सुरक्षित और स्वच्छ उपचार मिलने की आशा है, जिससे सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार और रोग फैलन

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।