राज्य स्तरीय स्पर्धा में मुंडू स्कूल की नेहा ने जूडो में जीता स्वर्ण पदक, नेहा का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 13, शिमला (हिमाचल प्रदेश): राज्य स्तरीय अंडर-14 प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय मुंडू की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। हाल ही में भुंतर में सम्पन्न हुई छात्राओं की राज्य स्तरीय अंडर-14 प्रतियोगिता में विद्यालय की नेहा ने जूडो में स्वर्ण पदक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर की अंडर-14 प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का गौरव प्राप्त किया।
वहीं, आठवीं कक्षा की छात्रा ईशा ने कुश्ती में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय पहुंचने पर मुख्याध्यापक ईश्वरी दत्त शर्मा ने सहित सारे स्टाफ और बच्चों ने नेहा और ईशा का फूलमालाओं के साथ गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। नेहा की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
मुख्याध्यापक ने दोनों छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्राओं को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में कोच अमर सिंह वर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनकी मेहनत और मार्गदर्शन से छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों और पंचायत प्रधान ने भी खुशी जताई तथा दोनों छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नेहा का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन और ईशा का कांस्य पदक विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। दोनों छात्राओं की सफलता से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में भाग लेने और अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा मिलेगी।