खेल

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने काशी नरेश विश्वविद्यालय का किया दौरा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने काशी नरेश विश्वविद्यालय का किया  दौरा

भदोही में प्रदेश की राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय का पहली बार दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उन्हें कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।करीब दो घंटे चली बैठक में राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्षों से पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि समय के साथ विश्वविद्यालयों को अपनी व्यवस्था में सुधार करना होगा। शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ छात्रों को तकनीकी ज्ञान, कौशल और रोजगार से जुड़ी शिक्षा देना जरूरी है।राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को नैक (NAAC) के तय मानकों के अनुसार विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, प्रयोगशालाओं और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

साथ ही समर्थ पोर्टल के सभी 42 मॉड्यूल को धीरे-धीरे लागू करने को कहा, ताकि विश्वविद्यालय के कामकाज में पारदर्शिता और तकनीक का इस्तेमाल बढ़ सके।इसके बाद राज्यपाल ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता का महत्व समझाया।आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नई तकनीक सीखनी चाहिए और इसका इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए।

उन्होंने विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों, स्टार्टअप, कौशल विकास और रोजगार से जुड़े नए पाठ्यक्रम शुरू करने पर भी जोर दिया।राज्यपाल ने महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार के अवसर बढ़ाने को भी जरूरी बताया। इसके साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों को सुनने के लिए छात्र समिति बनाने का सुझाव दिया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।