व्यापार

राज्यपाल संतोष कुमार ने 'झारखंड चर्चा' के दौरान राज्य को वर्ष 2050 तक विकसित बनाने का लिया संकल्प

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
राज्यपाल संतोष कुमार ने 'झारखंड चर्चा' के दौरान राज्य को वर्ष 2050 तक विकसित बनाने का लिया संकल्प

राज्यपाल संतोष कुमार ने 'झारखंड चर्चा' के दौरान राज्य को वर्ष 2050 तक विकसित बनाने का लिया संकल्प, राज्य के विकास का स्पष्ट एवं व्यावहारिक रोडमैप तैयार करने पर दिया जोर।

Short Headline: राज्यपाल संतोष कुमार ने 'झारखंड चर्चा' के दौरान राज्य को वर्ष 2050 तक विकसित बनाने का लिया संकल्प

27 नवंबर, रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राँची में ‘झारखण्ड चर्चा’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखण्ड राज्य का गठन वर्ष 2000 में हुआ था और गहन आत्ममंथन करते हुए वर्ष 2050 तक झारखण्ड को एक विकसित, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध राज्य के रूप में स्थापित करने का संकल्प लेना चाहिए। इसके लिए राज्य के विकास का स्पष्ट एवं व्यावहारिक रोडमैप तैयार कर राज्य सरकार को अवगत कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सरकार, निजी क्षेत्र, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर सभी क्षेत्रों में संतुलित, समावेशी एवं सतत विकास के लिए प्रयास करना होगा।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में झारखण्ड की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध खनिज एवं वन संपदा और गौरवशाली जनजातीय संस्कृति से संपन्न इस राज्य में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं।

आवश्यकता है कि उपलब्ध संसाधनों, स्थानीय कौशल और प्रतिभा का बेहतर उपयोग कर इन संभावनाओं को उपलब्धियों में बदला जाए। इसके लिए निवेश, आधुनिक तकनीक और नवाचार को प्रोत्साहित करने के साथ उद्योगों का विकास तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना जरूरी है। प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना भी आवश्यक है।

पर्यटन के क्षेत्र में जलप्रपातों, पहाड़ियों, वन क्षेत्रों, जनजातीय जीवनशैली, पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर रोजगार एवं आय के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि झारखण्ड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना समग्र विकास की महत्वपूर्ण शर्त है। कृषि एवं पशुपालन, वन आधारित उत्पाद, हस्तशिल्प और छोटे उद्यमों को प्रोत्साहित कर ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाई जा सकती है।

विशेष रूप से आदिम जनजातीय समूहों (PVTGs), एकल महिला मुखिया वाले परिवारों और भूमिहीन मजदूरों तक आजीविका के स्थायी अवसर पहुँचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर भी बल दिया।

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास राज्य के भविष्य को मजबूत बनाने के आधार हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगारपरक प्रशिक्षण तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की पहुँच सुनिश्चित करना आवश्यक है। विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिए उनके प्रभावी क्रियान्वयन, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और नियमित मूल्यांकन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के बीच विकास से जुड़े अनुभवों और सफल नवाचारों का आदान-प्रदान सभी के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकता है। राज्यपाल ने विश्वास जताया कि ‘झारखण्ड चर्चा’ में होने वाला विचार-विमर्श राज्य के विकास की भावी दिशा तय करने और वर्ष 2050 के लक्ष्य के अनुरूप व्यावहारिक रोडमैप तैयार करने में सहायक होगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।