राज्य

राज्यपाल ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर श्रद्धाजंलि की अर्पित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 31 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
राज्यपाल ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर श्रद्धाजंलि की अर्पित

अक्तूबर 31, शिमला (हिमाचल प्रदेश): राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को याद किया। राज्यपाल ने कहा कि भारत के ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों के एकीकरण और सशक्त भारत की नींव रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

उनका दृढ़ संकल्प, प्रशासनिक दूरदर्शिता और राष्ट्रीय एकता जैसे आदर्श आज भी युवाओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने भारत के एकीकरण और सामूहिक संकल्प से एक मज़बूत राष्ट्र की नींव रखी। उनका जीवन और आदर्श प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की प्रगति, सुरक्षा, एकता, अखंडता तथा राष्ट्रीय सेवा की मज़बूत भावना को बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की 151वीं जयंती का आयोजन राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। राज्यपाल ने युवाओं से आह्वान किया कि वह सरदार पटेल के जीवन और कार्यों से प्रेरणा लें तथा समर्पण, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दें।

राज्यपाल ने लोगों से सद्भाव, परस्पर सम्मान और विविधता में एकता की भावना को मज़बूत करने तथा समृद्ध, विकसित और सशक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्श विकसित भारत की यात्रा में सदैव राष्ट्र का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।