राज्य

राज्यपाल ने वंदे मातरम राज्य युवा शिविर के प्रतिभागियों से किया संवाद

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 18 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
राज्यपाल ने वंदे मातरम राज्य युवा शिविर के प्रतिभागियों से किया संवाद

रायपुर, 18 नवंबर 2026

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि हमारा देश युवाओं का देश है। देश की लगभग 35 प्रतिशत आबादी युवा है और यही युवा शक्ति भारत को वर्ष 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। युवाओं की शिक्षा, कौशल, मेहनत और नवाचार देश की प्रगति की दिशा तय करेंगे। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे जीवन में जो भी कार्य करें, पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि उससे समाज और राष्ट्र का हित हो।

राज्यपाल आज लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में मेरा युवा भारत (MY Bharat), रायपुर द्वारा आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में विभिन्न राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों से संवाद किया ।17 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित इस सात दिवसीय शिविर में महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा भाग ले रहे हैं।

राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के शिविर युवाओं को अलग-अलग राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को जानने-समझने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे उनमें आपसी सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह गीत मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव की भावना का प्रतीक है।

युवाओं को सफलता के सूत्र बताते हुए राज्यपाल ने धैर्य , दृढ़ता और स्पष्ट उद्देश्य को जीवन में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि केवल लक्ष्य निर्धारित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास, कठोर परिश्रम और अनुशासन भी जरूरी है। समय की पाबंदी सफलता का महत्वपूर्ण आधार है। युवाओं को टालमटोल की आदत से बचना चाहिए और आज के कार्य को आज ही पूरा करने की प्रवृत्ति विकसित करनी चाहिए।

राज्यपाल ने युवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में जाने के लिए प्रेरित किया। गांवों में भी विकास और रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को गांवों में जाकर वहां की जरूरतों को समझना चाहिए और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा विकास के नए अवसर तलाशने चाहिए। गांवों को प्राथमिकता देकर किए गए प्रयास विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं

💡 पृष्ठभूमि (Background)

यह खबर राज्यपाल रमेन डेका द्वारा वंदे मातरम राज्य युवा शिविर के प्रतिभागियों से संवाद पर आधारित है, जहाँ उन्होंने युवाओं के महत्व पर बल दिया। यह विषय महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत की 35 प्रतिशत आबादी युवा है, जो 2047 तक देश को आत्मनिर्भर बनाने में प्रमुख भूमिका निभाएगी। इस संवाद से युवाओं को शिक्षा, कौशल और नवाचार के प्रति प्रेरित किया जाएगा, जिससे वे समाज और अर्थव्यवस्था में सक्रिय योगदान देंगे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।