राज्यपाल ने विशेष रूप से सक्षम बच्चों के साथ मनाई दीपावली
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
नवंबर 05, शिमला (हिमाचल प्रदेश): राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज इंस्टीट्यूट फॉर चिल्ड्रन विद स्पेशल एबिलिटी, ढली, शिमला का दौरा किया और बच्चों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को मिठाइयां वितरित कीं तथा उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि विशेष रूप से सक्षम बच्चों के प्रति उनका स्नेह और भावनात्मक जुड़ाव ही उन्हें इस संस्थान में लाया है, ताकि वह उनके साथ त्यौहार की खुशियां साझा कर सकें।
उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। यह पर्व आशा, खुशियों, करुणा तथा आपसी सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि त्यौहारों की वास्तविक भावना दूसरों के साथ खुशियां बांटने तथा यह सुनिश्चित करने में निहित है कि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं को समाज का अभिन्न हिस्सा, सम्मानित और मूल्यवान महसूस करे।
कविन्द्र गुप्ता ने आशा व्यक्त की कि संस्थान में प्रत्येक बच्चा अपनी क्षमताओं को निखारने, आवश्यक कौशल विकसित करने, आत्मनिर्भर बनने तथा सम्मानजनक आजीविका अर्जित करने के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और विभिन्न कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाएगा। राज्यपाल को बच्चों को प्रेरणा का स्रोत बताते हुए कहा कि उनका साहस, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच वास्तव में सराहनीय है।
उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रेरित किया तथा उन्हें हर संभव प्रोत्साहन और सहयोग देने का आश्वासन दिया। राज्यपाल ने संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा बच्चों की देखभाल, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों एवं कर्मचारियों के समर्पण और प्रतिबद्धता की सराहना की।
उन्होंने कहा कि उनके निष्ठापूर्ण प्रयास बच्चों में आत्मविश्वास विकसित करने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इससे पूर्व, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की अतिरिक्त निदेशक डॉ. भावना ने राज्यपाल का स्वागत किया। इस अवसर पर संस्थान के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज, राज्य रेड क्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग के सदस्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी तथा बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित थे।