देश

रक्षा मंत्रालय ने 11 सड़क परियोजनाओं को किया सूचीबद्ध, हिमाचल से जुड़ी 3 परियोजनाएं शामिल, चुराह-पांगी-किलाड़ की कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती: हर्ष महाजन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
रक्षा मंत्रालय ने 11 सड़क परियोजनाओं को किया सूचीबद्ध, हिमाचल से जुड़ी 3 परियोजनाएं शामिल, चुराह-पांगी-किलाड़ की कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती: हर्ष महाजन

चुराह-पांगी-किलाड़ की कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती

सितंबर 22, शिमला (हिमाचल प्रदेश): भाजपा राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि उनकी निरंतर पहल और पैरवी के परिणामस्वरूप आकांक्षी जिला चंबा के दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्रों को जोड़ने वाले चंबा-किलाड़ मार्ग को राष्ट्रीय महत्व की रणनीतिक सड़क परियोजना का दर्जा मिला है। यह निर्णय चुराह, पांगी और किलाड़ जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

महाजन ने बताया कि भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय ने 13 अगस्त 2026 को कार्यालय ज्ञापन संख्या MoD/04/937/2024/D (BR-I) जारी कर राष्ट्रीय महत्व की रणनीतिक सड़क परियोजनाओं की सूची घोषित की है। इस आदेश के अनुसार परियोजनाओं के विकास एवं रखरखाव की व्यवस्था केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के अधीन स्ट्रैटेजिक रोड हेड फंड के माध्यम से की जाएगी।

सीमा सड़क संगठन (BRO) की भूमिका भी संबंधित परियोजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय के आदेश में देशभर की कुल 11 सड़क परियोजनाओं को सूचीबद्ध किया गया है। इनमें 7 परियोजनाओं को प्राथमिकता-I तथा 4 परियोजनाओं को प्राथमिकता-II में रखा गया है। हिमाचल प्रदेश से संबंधित चंबा-किलाड़, खानागुंती-लामखागा दर्रा-हरसिल और वांगतु-मुड-अट्टरगू सड़क परियोजनाएं प्राथमिकता-II की सूची में शामिल हैं।

हर्ष महाजन ने बताया कि चंबा-किलाड़ मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग डबल लेन (NHDL) मानकों के अनुरूप विकसित करने का प्रावधान किया गया है। रक्षा मंत्रालय के ज्ञापन में इस परियोजना के संबंध में नई सड़क के निर्माण पर विचार करने और किलाड़ तक निर्माणाधीन सड़क के साथ प्रस्तावित मार्ग का संरेखण निर्धारित करने का उल्लेख है।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय चंबा जिले के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक महत्वपूर्ण सौगात है। चंबा-किलाड़ मार्ग केवल एक सड़क नहीं, बल्कि चुराह, पांगी और किलाड़ जैसे दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने वाली जीवनरेखा है। इस मार्ग के विकसित होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होने की उम्मीद है।

महाजन ने कहा कि चुराह और पांगी जैसे क्षेत्रों में कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के कारण सड़क संपर्क लंबे समय से एक बड़ी चुनौती रहा है। सड़क संपर्क प्रभावित होने पर स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और अन्य दैनिक आवश्यकताओं के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि रणनीतिक महत्व की परियोजना के रूप में चंबा-किलाड़ मार्ग को शामिल किए जाने से सड़क संपर्क को दीर्घकालिक मजबूती मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क नेटवर्क से आवागमन, आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं तक पहुंच तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।