रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद के समूचे तंत्र को खत्म करने के लिए एकजुट का आह्वान किया
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रक्षा मंत्री ने भारत के इस विश्वास को दोहराया कि आर्थिक सहयोग समावेशी और सभी सदस्य देशों के लिए पारस्परिक रूप से लाभकारी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि एससीओ को संप्रभु समानता, सर्वसम्मति और पारस्परिक सम्मान के सिद्धांतों पर दृढ़ रहना होगा।
श्री सिंह ने भू-राजनीतिक तनाव, व्यापार और आपूर्ति श्रृंखलाओं में व्यवधान, ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा संबंधी चिंताओं तथा अनिश्चित वैश्विक आर्थिक वातावरण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सर्वसम्मति बनाने और ठोस कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने, व्यापार और निवेश सुगम बनाने तथा विकास को गति देने के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।
रक्षा मंत्री ने साझा समृद्धि के लिए कनेक्टिविटी के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारा और चाबहार बंदरगाह जैसी पहलों का मध्य एशिया को व्यापक बाजारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है।