राज्य

रामपुर बाघेलान में 50 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर हुआ ऊर्जीकृत

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 18 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
रामपुर बाघेलान में 50 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर हुआ ऊर्जीकृत

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने विंध्य क्षेत्र की पारेषण क्षमता में वृद्धि करते हुए सतना जिले के 132 केवी सबस्टेशन रामपुर बाघेलान में 50 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया है। साथ ही एमपी ट्रांसको के नेटवर्क में 132 केवी वोल्टेज स्तर का प्रदेश का 800वां पावर ट्रांसफार्मर शामिल हो गया है। उन्होंने इस उपलब्धि पर एमपी ट्रांसको के अधिकारियों एवं कार्मिकों को बधाई दी है।

रबी सीजन में क्षेत्र को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने बताया कि रामपुर बाघेलान सबस्टेशन में पूर्व से दो पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील थे। पिछले रबी सीजन में सिंचाई के लिए विद्युत मांग एवं लोड में वृद्धि के कारण यहां अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर की आवश्यकता महसूस की गई। इसके मद्देनजर लगभग 7.18 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 50 एमवीए क्षमता का तीसरा पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया गया है। इससे क्षेत्र में बढ़ती विद्युत मांग की पूर्ति में मदद मिलेगी तथा उपभोक्ताओं को उचित वोल्टेज पर गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में सुविधा होगी।

सतना जिले की पारेषण क्षमता में भी वृद्धि

एमपी ट्रांसको सतना के अधीक्षण अभियंता श्री एम.पी. पटेल ने बताया कि कंपनी सतना जिले में अपने आठ अति उच्च दाब सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण कर रही है। इनमें 220 केवी के कोटर एवं सतना तथा 132 केवी के रामपुर बाघेलान, मझगवां, नागौद, सतना, सतना-दो (सोनोरा) एवं उचेहरा सबस्टेशन शामिल हैं।

श्री पटेल ने जानकारी दी कि रामपुर बाघेलान में अतिरिक्त 50 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत होने के बाद सबस्टेशन की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता 80 एमवीए से बढ़कर 130 एमवीए हो गई है। यह सतना जिले का 21वां ईएचवी पावर ट्रांसफार्मर भी है। साथ ही जिले की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 1536 एमवीए हो गई है।

प्रदेश की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता 85,758 एमवीए हुई

इस अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने के साथ ही प्रदेश में एमपी ट्रांसको के क्रियाशील पावर ट्रांसफार्मरों की कुल संख्या बढ़कर 1061 हो गई है। इनमें 400 केवी स्तर के 41, 220 केवी स्तर के 220 तथा 132 केवी स्तर के 800 पावर ट्रांसफार्मर शामिल हैं। इनकी कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता अब बढ़कर 85,758 एमवीए हो गई है।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

यह खबर रामपुर बाघेलान में 50 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर के स्थापित होने के बारे में है, जिसे ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने घोषित किया है। यह कदम मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के विंध्य क्षेत्र के पारेषण नेटवर्क को सुदृढ़ करता है, जिससे 132 केवी वोल्टेज पर 800वां ट्रांसफार्मर भी सक्रिय हो गया। यह महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे क्षेत्रीय विद्युत आपूर्ति की स्थिरता बढ़ेगी और ऊर्जा की मांग को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा। आम जनता पर इसका असर सकारात्मक रहेगा, बिजली कटौती

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।