रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नंद लाल का आज सुबह हुआ निधन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
नवंबर 03, शिमला (हिमाचल प्रदेश): शिमला जिला की रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नंद लाल का आज सुबह शिमला स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में निधन हो गया है। वे 72 वर्ष के थे और बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके स्वास्थ्य की गंभीरता को देखते हुए बीते कल मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी।
नंद लाल के निधन से प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर है। नंद लाल रामपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार विधायक चुने गए थे। वे वर्तमान में राज्य के सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष थे। नंद लाल ने भारत तिब्बत सीमा पुलिस में भी सेवाएं दी थीं और उन्होंने वर्ष 1985 से 1997 तक देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा से जुड़े विशेष सुरक्षा समूह में भी सेवाएं दी।
नंद लाल के पार्थिव शरीर को आज शिमला में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों के लिए अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है।