राजनीति

रामपुर विधायक नंदलाल को राजीव भवन में अंतिम विदाई, नम आंखों से नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
रामपुर विधायक नंदलाल को राजीव भवन में अंतिम विदाई, नम आंखों से नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल के निधन से हिमाचल प्रदेश में शोक की लहर है। मंगलवार को उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए शिमला स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन लाया गया, जहां प्रदेश सरकार के मंत्रियों, विधायकों, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी। राजीव भवन में अंतिम दर्शन के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए रामपुर रवाना किया गया।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने नंदलाल के निधन को कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ा आघात बताया। उन्होंने कहा कि नंदलाल नेक इंसान और पार्टी के वरिष्ठ नेता थे। राजनीति में आने से पहले उन्होंने अर्धसैनिक बल में सेवाएं दीं और देश के बड़े नेताओं के सुरक्षा अधिकारी के रूप में भी जिम्मेदारियां निभाईं। लंबे समय से अस्वस्थ होने के बावजूद वह लगातार लोगों से मिलते रहे।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश ने एक वरिष्ठ और ईमानदार राजनेता खो दिया है। नंदलाल अपनी सादगी और जनसेवा के लिए पहचाने जाते थे। एक ही विधानसभा क्षेत्र से चार बार चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता और जनता के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने उनके निधन को रामपुर क्षेत्र और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि नंदलाल ने अर्धसैनिक बलों में सेवाएं देने के साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

वहीं, हिमाचल कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी नंदलाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके जाने से पार्टी और रामपुर क्षेत्र ने एक वरिष्ठ नेता खो दिया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

  1. हर्षवर्धन चौहान, उद्योग मंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार
  2. रोहित ठाकुर, शिक्षा मंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार
  3. विक्रमादित्य सिंह, लोक निर्माण मंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार
  4. प्रतिभा सिंह, पूर्व अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस
M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।