रन फॉर यूनिटी से गूंजा श्रीगंगानगर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर श्रीगंगानगर में रन फॉर यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। महाराजा गंगा सिंह स्टेडियम से शुरू हुए मार्च में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने के साथ श्रीगंगानगर को नशामुक्त बनाने की अपील की गई।
31 अक्टूबर,श्रीगंगानगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने के लिए 'रन फॉर यूनिटी' मार्च का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मार्च का शुभारंभ महाराजा गंगा सिंह स्टेडियम से हुआ। यहां से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग पर मार्च करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और देशभक्ति का संदेश दिया।
शहर के प्रमुख मार्गों से निकला मार्च रन फॉर यूनिटी मार्च महाराजा गंगा सिंह स्टेडियम से शुरू होकर महाराजा गंगा सिंह चौक, भगत सिंह चौक, गोल बाजार और रेलवे स्टेशन होते हुए पुनः महाराजा गंगा सिंह चौक पहुंचा। इसके बाद डीएवी स्कूल मार्ग से होते हुए प्रतिभागी वापस महाराजा गंगा सिंह स्टेडियम पहुंचे, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। मार्च के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न आयु वर्ग के लोगों और विभागीय प्रतिनिधियों ने इसमें शामिल होकर देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।
सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद
कार्यक्रम के दौरान लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के बल पर देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उनकी जयंती पर आयोजित रन फॉर यूनिटी मार्च उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बना।
नशामुक्त श्रीगंगानगर अभियान में सहयोग की अपील
कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता के साथ सामाजिक जागरूकता और नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक वीरेन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में विक्रम ज्याणी ने उपस्थितजनों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर वीरेन्द्रपाल सिंह ने श्रीगंगानगर को नशामुक्त बनाने के लिए संचालित अभियान में आमजन से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना और स्वस्थ समाज का निर्माण करना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने होंगे।
लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान की अपील
कार्यक्रम के दौरान स्वीप समन्वयक रमन कुमार असीजा ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान के प्रति जागरूकता लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्रशासनिक अधिकारियों, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
इस अवसर पर अमरचंद बोरड़, पुलिस अधीक्षक हरिशंकर, एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, एसडीएम नयन गौतम, जिला परिषद के एसीईओ हरिराम चौहान, सीडीईओ अरविन्दर सिंह, खेल अधिकारी हरजिंदर सिंह, विजय कुमार, सुखमन जोहल और योजना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों और गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। श्रीगंगानगर में आयोजित इस रन फॉर यूनिटी मार्च के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण संबंधी विचारों को याद करने के साथ राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, नशामुक्ति और लोकतांत्रिक जागरूकता का संदेश दिया गया।