रंगरसिया गरबा महोत्सव में भक्ति और उल्लास के रंग, देर रात तक गरबा-डांडिया पर झूमे युवा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित
भोपाल। सीहोर रोड स्थित एक गार्डन में द योगा हाइव स्टूडियो की ओर से आयोजित रंगरसिया गरबा महोत्सव में भक्ति, उत्साह और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। मां दुर्गा की आरती के साथ शुरू हुआ गरबा रास देर रात तक जारी रहा। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे युवाओं और महिलाओं ने गरबा गीतों तथा डीजे की धुनों पर जमकर नृत्य किया।
महोत्सव में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने पारंपरिक गरबा और फ्यूजन गरबे की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। चनिया-चोली और कुर्ता-पायजामा पहने प्रतिभागियों ने डांडिया और गरबा के अलग-अलग रंगों से माहौल को उत्सवमय बना दिया। स्टूडियो के सदस्यों के साथ स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
आयोजन का संचालन कर रहीं डॉ. मोनिका तोलानी ने बताया कि रंगरसिया गरबा महोत्सव का उद्देश्य सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के साथ लोगों को एक साथ उत्सव मनाने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि गरबा केवल सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि शारीरिक गतिविधि के माध्यम से शरीर को स्वस्थ, लचीला और ऊर्जावान बनाए रखने का भी एक माध्यम है।
महोत्सव के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार और ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में मां दुर्गा की आराधना, पारंपरिक संगीत और सामूहिक नृत्य के जरिए उत्सव का उल्लास देर रात तक बना रहा।