राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज रायपुर में ‘‘सेवा सम्मान पर्व और युवा प्रबोधन’’ कार्यक्रम में शामिल हुईं
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायपुर, 22 अक्टूबर 2026
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर हैं। अपने प्रवास के पहले राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू आज रायपुर के सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में ‘‘सेवा सम्मान पर्व और युवा प्रबोधन’’ कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती मुर्मू ने युवाओं से ईमानदारी और निष्ठा के साथ देश को वर्ष दो हजार सैंतालीस तक विकसित बनाने का आह्वान किया।
राष्ट्रपति ने कहा कि प्रदेश में माओवाद के खात्मे के बाद आतंक के अंधकार की समाप्ति हुई है और युवा नक्सलवाद के भटकाव से मुक्त होकर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो चुका है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सांस्कृतिक पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि ये सामाजिक एकता मजबूत करने, परंपराओं को सहेजने और सांस्कृतिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का भी माध्यम है। उन्होंने प्रकृति के प्रति सम्मान, किसानों के प्रति आभार और नई फसल की खुशियां समुदाय के साथ साझा करने की आवश्यकता पर बल दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि अन्न किसानों की मेहनत और प्रकृति के अनमोल उपहारों का प्रतीक है। इसलिए कृषि कार्य से जुड़े लोगों का सम्मान करना और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना आवश्यक है।
वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि युवाओं को शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, उद्यमिता और समाज सेवा के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत सफलता तब और सार्थक हो जाती है, जब व्यक्ति अपनी उपलब्धियों का उपयोग दूसरों की मदद करने और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए करता है।
इस कार्यक्रम को राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरूण साव भी उपस्थित थे। छत्तीसगढ़ उत्कल ब्राम्हण समाज के अध्यक्ष और रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान करने वाली ग्यारह सौ से अधिक महिलाओं का सम्मान किया गया।
इससे पहले, राष्ट्रपति ने लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में दो सौ रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित थे।
रायपुर स्थित शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश माता हासी देवी की दो सौवीं जयंती पर केंद्रीय वित्त मंत्रालय द्वारा दो सौ रुपए का स्मारक सिक्का जारी किया गया है। इस सिक्के पर माता हासी देवी जी की छवि अंकित है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और दो सौ रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है।
अपने प्रवास के दूसरे दिन राष्ट्रपति कल तेईस अक्टूबर को जगदलपुर जाएंगी। यहां वे सुबह ग्यारह बजे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद, श्रीमती मुर्मू दोपहर बारह बजकर पैंतालीस मिनट से जगदलपुर में बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित मुरिया दरबार और सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के कडे़ इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन द्वारा चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों को नो ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है।