राष्ट्रीय एकता दिवस पर बिहार की विरासत का प्रदर्शन, पीएम का मिथिला पाग से स्वागत
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
केवड़िया में बिहार पर्यटन स्टॉल पर मधुबनी कला, मखाना और प्रमुख पर्यटन स्थलों की झलक दिखाई गई।
31 अक्टूबर , केवड़िया ( गुजरात ) : राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के अवसर पर गुजरात के केवड़िया में आयोजित समारोह में बिहार पर्यटन विभाग ने सहभागिता कर राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के पर्यटन स्टॉल पर पहुंचे। वहां उनका पारंपरिक मिथिला पाग और शॉल भेंटकर स्वागत किया गया।
बिहार पर्यटन विभाग की ओर से लगाए गए स्टॉल में राज्य की विविध लोककलाओं, पारंपरिक शिल्प और सांस्कृतिक पहचान को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। मधुबनी चित्रकला के जीवंत प्रदर्शन के साथ ‘एक जिला, एक उत्पाद’ पहल के तहत मखाना सहित बिहार के विशिष्ट उत्पादों को प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा सिक्की कला, टिकुली कला और पत्थरकट्टी शिल्प के नमूनों ने राज्य की पारंपरिक हस्तकला और शिल्प कौशल को दर्शाया।
स्टॉल पर बिहार के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक पर्यटन स्थलों की जानकारी भी दी गई। इनमें महाबोधि मंदिर, मां जानकी जन्मस्थली पुनौराधाम, देव सूर्य मंदिर और प्राचीन नालंदा महाविहार के पुरातात्विक अवशेष प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन स्थलों के माध्यम से बिहार की धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक महत्ता और सांस्कृतिक पहचान को सामने रखा गया।
इसके साथ ही बिहार के पारंपरिक व्यंजनों को भी प्रदर्शित किया गया, जिससे आगंतुकों को राज्य की समृद्ध पाक-संस्कृति से परिचित होने का अवसर मिला। पर्यटन विभाग की इस सहभागिता का उद्देश्य बिहार की कला, संस्कृति, विरासत और पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाना तथा राज्य में पर्यटन की संभावनाओं को प्रोत्साहित करना रहा।
राष्ट्रीय एकता दिवस के इस आयोजन में बिहार की भागीदारी ने देश की सांस्कृतिक विविधता और एकता के संदेश के साथ राज्य की विशिष्ट पहचान को प्रस्तुत किया।