राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में मध्यप्रदेश पुलिस ने किया प्रदर्शन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में मध्यप्रदेश पुलिस के दलों ने अनुशासन, समन्वय और उत्कृष्ट तैयारी के साथ आकर्षक प्रदर्शन कर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया। इस महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण आयोजन में सहभागिता के लिए हॉकफॉर्स एवं पुलिस बैंड कंटिंजेंट द्वारा लगभग 40 दिनों तक निरंतर अभ्यास किया गया।
दिनांक 21 सितंबर से 30 अक्टूबर 2026 तक नियमित समय-सारिणी के अनुसार अनुशासित ढंग से अभ्यास संचालित किया गया। इस व्यापक तैयारी में हॉक फोर्स के 195 अधिकारी-कर्मचारियों तथा 7वीं वाहिनी के पुलिस बैंड के 109 अधिकारी-कर्मचारियों सहित कुल 304 अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की।
अभ्यास की पूरी प्रक्रिया में फुट कंटिंजेंट, प्रशासनिक स्टाफ, ड्रिल इंस्ट्रक्टर एवं बैंड के सभी सदस्यों ने एकजुट होकर कार्य किया। परेड की प्रत्येक गतिविधि में एकरूपता, कदमताल, अनुशासन, समयबद्धता और आपसी तालमेल सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभ्यास किया गया। सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी नियमित जिम्मेदारियों के साथ इस विशेष तैयारी में भी पूरी निष्ठा, समर्पण और कठिन परिश्रम के साथ योगदान दिया।
40 दिनों तक चले सतत अभ्यास का परिणाम 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में देखने को मिला। हॉक फोर्स के फुट कंटिंजेंट और 7वीं वाहिनी के पुलिस बैंड ने अपने सधे हुए प्रदर्शन, अनुशासित कदमताल और उत्कृष्ट समन्वय से समारोह को गरिमामय बनाया। यह प्रदर्शन न केवल इसमें शामिल प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के परिश्रम का परिणाम रहा, बल्कि मध्यप्रदेश पुलिस की सामूहिक कार्यक्षमता, अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता का भी परिचायक बना।