राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का राजस्थान के सभी पुलिस थानों पर होगा लाइव प्रसारण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड आयोजित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह को संबोधित करेंगे। राजस्थान के सभी पुलिस थानों पर शाम 5:30 बजे से परेड का बिग स्क्रीन पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने आयोजन की तैयारियों और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं।
जयपुर,25 अक्टूबर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड आयोजित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समारोह को संबोधित करेंगे। खास बात यह है कि राजस्थान के सभी पुलिस थानों पर भी इस भव्य परेड का सीधा प्रसारण किया जाएगा, जहां पुलिसकर्मियों के साथ आम नागरिक भी समारोह देख सकेंगे।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का राजस्थान में व्यापक स्तर पर प्रसारण किया जाएगा। प्रदेश के सभी पुलिस थानों पर शाम 5:30 बजे से बिग स्क्रीन के माध्यम से परेड का लाइव प्रसारण होगा। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ आम नागरिकों, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड, युवा क्लब, सुरक्षा सखी, सीएलजी सदस्यों और पुलिस मित्रों की भागीदारी रहेगी।
पुलिसकर्मियों के परिवार, पुलिस प्रशिक्षु और आरएसी बटालियनों के जवान भी इसमें शामिल होंगे। इस पहल का उद्देश्य पुलिस के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश की सुरक्षा में जवानों के योगदान से आमजन को परिचित कराना है। साथ ही पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद और आपसी विश्वास को मजबूत करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार सुबह केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के पुलिस महानिदेशकों को दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद राजस्थान के डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने प्रदेश के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने निर्देश दिए कि थाना प्रभारी से लेकर पुलिस अधीक्षक और रेंज आईजी तक अधिकारी पुलिसकर्मियों और आमंत्रित लोगों के साथ बैठकर परेड का सीधा प्रसारण देखेंगे। सभी जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालयों को आयोजन और लोगों की सहभागिता से जुड़ी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय भेजनी होगी।
उन्होंने कहा कि समारोह का उद्देश्य देश के पुलिस बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के असाधारण कार्यों को राष्ट्र के सामने लाना है। बैठक में डीजी कानून एवं व्यवस्था संजय अग्रवाल ने जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस आयुक्तों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीजीपी वीके सिंह, रूपिंदर सिंघ, लता मनोज कुमार, प्रफुल्ल कुमार और राघवेंद्र सुहासा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।