राज्य

राष्ट्रीय मंच पर सराही गई छत्तीसगढ़ की पोषण पहलें

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 9 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
राष्ट्रीय मंच पर सराही गई छत्तीसगढ़ की पोषण पहलें

रायपुर, 8 अक्टूबर 2026

नई दिल्ली में आयोजित महिला और बाल विकास विभाग के राष्ट्रीय सम्मेलन-सह-चिंतन शिविर में छत्तीसगढ़ की पोषण पहलों की सराहना की गई। महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सम्मेलन में राज्य का प्रतिनिधित्व किया। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के ‘वजन त्यौहार’ और बाल गृहों में बच्चों के स्वास्थ्य प्लान तथा साप्ताहिक आहार चार्ट की विशेष रूप से सराहना हुई। दो दिवसीय सम्मेलन में आंगनबाड़ी सेवाओं में सुधार, मिशन वात्सल्य, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर राज्यों के अनुभव साझा किए जा रहे हैं।

राज्य के ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान की भी सराहना की गई। अभियान के माध्यम से घरों और आंगन में मुनगा लगाने तथा इसके पोषण संबंधी महत्व के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक आहार को बढ़ावा देने की यह पहल परिवारों और समुदाय को सुपोषण के प्रयासों से जोड़ रही है।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बाल गृहों में रहने वाले बच्चों के लिए तैयार स्वास्थ्य प्लान और साप्ताहिक आहार चार्ट को भी सराहा गया। बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई इन व्यवस्थाओं से बाल गृहों में उनकी देखभाल को अधिक व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया है।

राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत इन पहलों से छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण, स्वास्थ्य और बाल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सामने आए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।