राज्य

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर कुल्लू में संगोष्ठी आयोजित, पत्रकारिता में जिम्मेदारी और निष्पक्षता पर हुआ मंथन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 16 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर कुल्लू में संगोष्ठी आयोजित, पत्रकारिता में जिम्मेदारी और निष्पक्षता पर हुआ मंथन

नवंबर 16, कुल्लू (हिमाचल प्रदेश): राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर बहुउद्देशीय भवन, कुल्लू में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की। इस अवसर पर भारतीय प्रेस परिषद की ओर से प्रस्तावित “पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें जिला मुख्यालय के विभिन्न समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के वरिष्ठ पत्रकारों सहित प्रेस क्लब सैंज और बंजार के पत्रकारों ने भाग लिया तथा पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।

संगोष्ठी का शुभारंभ करते हुए उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि प्रेस को लोकतंत्र के चार स्तंभों में से एक माना जाता है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर वर्तमान समय तक पत्रकारिता ने राष्ट्र के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारतीय मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्द्धन में भी मीडिया का बहुमूल्य योगदान रहा है।

उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों और उनके योगदान की सराहना करते हुए सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिवस पत्रकारिता के उच्च मूल्यों और सिद्धांतों पर अडिग रहते हुए कार्य करने की प्रेरणा देता है।

उन्हें विश्वास है कि वरिष्ठ पत्रकार अपने युवा साथियों के साथ न केवल अपने अनुभव साझा करेंगे, बल्कि उन्हें पत्रकारिता की मूल्य आधारित विरासत से भी परिचित करवाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि तथ्यपरक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में मीडिया हमेशा सक्रिय भूमिका निभाता आया है। आधुनिक प्रौद्योगिकी के दौर में मिस-इन्फॉर्मेशन और डिस-इन्फॉर्मेशन के बीच सही एवं विश्वसनीय सूचना लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है।

वास्तविकता एक ही होती है, लेकिन कई बार वह जटिल होती है। ऐसे में पत्रकारों को अधिक सजग और सचेत होकर कार्य करना चाहिए, ताकि जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से समाज को सही दिशा दी जा सके। संगोष्ठी में युवा पत्रकार अनुरंजनी गौतम, खेम चंद सोनी और राजीव ने समाचारों में संतुलन बनाए रखने तथा खबर प्रकाशित करते समय सभी पक्षों को समान अवसर देने के महत्व पर अपने विचार रखे।

वरिष्ठ पत्रकार शशिभूषण पंडित ने पत्रकारिता के सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला, जबकि अभिनव वशिष्ट ने पत्रकारिता के पेशेवर मूल्यों और नैतिकता पर विचार साझा किए। धनेश गौतम ने पत्रकारिता के दायित्वों के निर्वहन में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की। वहीं, वयोवृद्ध पत्रकार एवं प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) से जुड़े रमेश पठानिया ने कहा कि किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उसके स्रोत की विश्वसनीयता सुनिश्चित करना और तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के मूल्यों को सर्वोपरि रखना ही प्रत्येक पत्रकार का प्रथम कर्तव्य है। इस अवसर पर सहायक लोक संपर्क अधिकारी जय प्रकाश शर्मा ने मुख्यातिथि उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा तथा उपस्थित सभी मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला मुख्यालय के विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ प्रेस क्लब सैंज और बंजार के पत्रकार भी उपस्थित रहे।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी, यह विषय मीडिया के व्यवहार में संतुलन और सत्यनिष्ठा पर प्रकाश डालता है। यह चर्चा यह दिखाती है कि रिपोर्टिंग में अतिरंजना से बचते हुए तथ्यात्मक और निष्पक्ष रिपोर्टिंग कैसे की जाए। यह खबर इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर ऐसे कार्यक्रम पत्रकारों को अपने पेशे के मूल्यों की याद दिलाते हैं और मीडिया के प्रति समाज की अपेक्षाओं को स्पष्ट करते हैं। इससे आम जनता को विश्वसनीय समाचार मिलते हैं, गलत सूचना का प्रसार कम होता है और समाज में सूचित निर्णय लेने क

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।