रायबरेली में मतदाता सूची पुनरीक्षण-2027 को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायबरेली में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक हुई।बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
इसके तहत 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दोनों दिनों में जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। वहीं, अभियान की निगरानी के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। ये अधिकारी अलग-अलग क्षेत्रों का भ्रमण कर पुनरीक्षण कार्य की निगरानी करेंगे।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए और युवाओं, महिलाओं सहित सभी पात्र लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार, उप जिलाधिकारी प्रीति सिंह, उप जिलाधिकारी सारा अशरफ, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।