राज्य

रेलवे का मास्टर प्लान, सुंदरनगर में बनेगा नया स्टेशन, टाटानगर में बढ़ेंगे प्लेटफॉर्म

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 25 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
रेलवे का मास्टर प्लान, सुंदरनगर में बनेगा नया स्टेशन, टाटानगर में बढ़ेंगे प्लेटफॉर्म

चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने टाटा नगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से किया जनसंवाद, कहा- सुंदरनगर के पास बनेगा रेलवे स्टेशन, गोविंदपुर रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प, बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं।

Short Headline: रेलवे का मास्टर प्लान, सुंदरनगर में बनेगा नया स्टेशन, टाटानगर में बढ़ेंगे प्लेटफॉर्म

25 अक्टूबर, पूर्वी सिंहभूम: जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम करने और रेल परिचालन को बेहतर बनाने के लिए रेलवे कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम कर रहा है। सुंदरनगर के पास नया रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा, जबकि गोविंदपुर स्टेशन का कायाकल्प होगा। वहीं, टाटानगर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की संख्या पांच से बढ़ाकर नौ करने की योजना है। चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने जनसंवाद के बाद इन योजनाओं की जानकारी दी।

चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने बताया कि टाटानगर और हल्दी पोखर के बीच सुंदरनगर के पास नया रेलवे स्टेशन बनाने के लिए सर्वे का काम अंतिम चरण में है। सर्वे रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी। प्रस्तावित स्टेशन पर शुरुआती तौर पर दो प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। इससे टाटानगर स्टेशन पर बढ़ते यात्रियों के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही गोविंदपुर स्टेशन का भी नए सिरे से विकास किया जाएगा। आदित्यपुर और सालगाझुड़ी स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की दिशा में भी पहल की जा रही है।

रेलवे की ओर से रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। डीआरएम ने बताया कि टाटानगर होकर तीसरी रेल लाइन का निर्माण छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, हावड़ा से झारसुगुड़ा तक चौथी रेल लाइन को मंजूरी मिल चुकी है। टाटानगर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की संख्या पांच से बढ़ाकर नौ और झारसुगुड़ा में पांच से बढ़ाकर दस की जाएगी। बर्मामाइंस रोड ओवरब्रिज को फोरलेन बनाने, स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वारों पर नई इमारतें बनाने और उन्हें 36 मीटर चौड़े स्काईवॉक से जोड़ने की भी योजना है।

यात्रियों की सुविधा के लिए पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस और संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का परिचालन जल्द शुरू करने की तैयारी है। संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस टाटानगर और रांची सहित विभिन्न स्टेशनों से होते हुए जयपुर के खातीपुरा तक जाएगी। इसके अलावा टाटानगर में वंदे भारत ट्रेनों के लिए डिपो बनाने की योजना है। रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए चक्रधरपुर मंडल में स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ लगाने का काम भी जल्द पूरा करने का लक्ष्य है। डीआरएम ने बताया कि ठंड में कोहरे की समस्या को देखते हुए टाटानगर-अमृतसर ट्रेन के संबंध में प्रस्ताव भेजा गया है, जिस पर अभी निर्णय नहीं हुआ है।

बाइट- तरुण हुरिया, डीआरएम, चक्रधरपुर रेल मंडल

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।