राजनीति

रीवा को मिली आधुनिक लाइब्रेरी की सौगात, 2.46 करोड़ रुपये की लागत से बने भवन का उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया लोकार्पण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 21 अक्टूबर 2026 👁️ 2 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
रीवा को मिली आधुनिक लाइब्रेरी की सौगात, 2.46 करोड़ रुपये की लागत से बने भवन का उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया लोकार्पण

विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अध्ययन के लिए मिलेगी बेहतर सुविधा, ज्ञान और बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने पर जोर

रीवा/भोपाल, 21 अक्टूबर 2026। शिक्षा, ज्ञान और बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में रीवा शहर को आधुनिक लाइब्रेरी की सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार को केंद्रीय पुस्तकालय रीवा में 246.81 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन लाइब्रेरी भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक लाइब्रेरी विद्यार्थियों और पाठकों को अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शहर में शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करेगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लाइब्रेरी विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन, बौद्धिक विकास और अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां उपलब्ध सुविधाओं से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और विभिन्न विषयों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुस्तकों से प्राप्त ज्ञान व्यक्ति को जागरूक, आत्मनिर्भर और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।

राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि नवीन लाइब्रेरी भवन में विद्यार्थियों और पाठकों के लिए बेहतर बैठक व्यवस्था के साथ पुस्तकें, वाई-फाई और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने पुस्तकालय में आने वाले विद्यार्थियों एवं पाठकों का अनिवार्य पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए, ताकि सुविधाओं का व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय अध्ययन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ समाज में रचनात्मक गतिविधियों के लिए भी प्रेरित करेगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा शहर योजनाबद्ध तरीके से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि रीवा के विकास के लिए भी सभी नागरिकों को मिलकर योगदान देना चाहिए। उन्होंने शहर में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि उत्कृष्ट सर्किट हाउस का निर्माण किया गया है तथा संजय गांधी अस्पताल में 750 बिस्तरों के विस्तार की योजना है।

इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए आधुनिक भवनों के निर्माण, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के विस्तार और बाणसागर क्षेत्र में कॉलोनियों के विकास की योजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि चिरहुला क्षेत्र में नागरिकों की सुविधा के लिए पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाओं को विकसित करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य रीवा में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम को सांसद जनार्दन मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, वार्ड पार्षद शंभू रजक, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री अनुशिका जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। लोकार्पण के बाद उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और सांसद जनार्दन मिश्रा ने नवीन लाइब्रेरी भवन का अवलोकन भी किया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।