राज्य

RIC में सजेगा पूर्वोत्तर संस्कृति का रंग

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
RIC में सजेगा पूर्वोत्तर संस्कृति का रंग

जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में 1 से 4 अक्टूबर तक ‘ऑक्टेव 2026’ सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित होगा। चार दिवसीय आयोजन में पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के 250 से अधिक लोक कलाकार अपनी कला और परंपराओं की प्रस्तुति देंगे।

जयपुर, 28 सितम्बर: भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर द्वारा राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC), जयपुर में 1 से 4 अक्टूबर तक ‘ऑक्टेव 2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह चार दिवसीय महोत्सव राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर के सहयोग से आयोजित होगा।

पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दल्वी ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि ‘ऑक्टेव 2026’ में पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। इनमें अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा शामिल हैं।

महोत्सव के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों के कलाकार लोक नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी विरासत को दर्शाएंगे। आयोजन में आठों राज्यों से 250 से अधिक लोक कलाकार हिस्सा लेंगे।

डॉ. दल्वी ने बताया कि ‘ऑक्टेव’ संस्कृति मंत्रालय का प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन है, जिसका उद्देश्य पूर्वोत्तर भारत की कला एवं सांस्कृतिक विरासत को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाना और लोगों को वहां की विविध परंपराओं से परिचित कराना है। जयपुर में आयोजित होने वाला यह महोत्सव पूर्वोत्तर की जीवंत लोक संस्कृति को करीब से जानने का अवसर प्रदान करेगा।

बाइट - डॉ. अश्विन एम. दल्वी, निदेशक, पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।