विदेश

ऋषिकेश के शिवपुरी में रिवर राफ्टिंग सीजन 2026-27 की शुरुआत

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
ऋषिकेश के शिवपुरी में रिवर राफ्टिंग सीजन 2026-27 की शुरुआत

24 सितम्बर 2026, देहरादून (ऋषिकेश): ऋषिकेश के शिवपुरी में रिवर राफ्टिंग सीजन 2026-27 की शुरुआत हो गई है। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से आयोजित समारोह में कल प्रदेश की पंजीकृत राफ्टिंग फर्मों को राफ्टिंग लाइसेंस वितरित किए गए। लाइसेंस मिलने के बाद गंगा, काली, टौंस, गोरी, कोसी, अलकनंदा, पिंडर, सरयू, रामगंगा, भागीरथी और धौलीगंगा सहित विभिन्न नदियों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत राफ्टिंग गतिविधियां संचालित की जा सकेंगी।

पर्यटन विभाग के अनुसार, लाइसेंस व्यवस्था का उद्देश्य राफ्टिंग को व्यवस्थित करने के साथ पर्यटकों की सुरक्षा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।

पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि राफ्टिंग गाइडों की सुरक्षा क्षमता बढ़ाने के लिए हनीफ्ल सेंटर और एरी बैककंट्री मेडिसिन यानी एबीएम, अमेरिका के सहयोग से वाइल्डरनेस फर्स्ट-एड और सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। इसके तहत चरणबद्ध रूप से 700 गाइडों को प्रशिक्षित किया जाना है।

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने प्रशिक्षित गाइडों के डिजिटल प्रमाणीकरण और पहचान के लिए टूरिस्ट गाइड पोर्टल भी विकसित किया है। अब तक 300 से अधिक रिवर राफ्टिंग गाइड इस पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। जल्द ही पर्यटकों को पोर्टल के माध्यम से गाइड से सीधे संपर्क और बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है। उत्तराखंड रिवर राफ्टिंग और क्याकिंग नियमावली-2014 के प्रावधानों के तहत सभी पंजीकृत राफ्टिंग फर्मों को 23 सितंबर से 45 दिनों की अस्थायी अनुज्ञा दी गई है। निर्धारित प्रक्रिया और शुल्क पूरा करने के बाद फर्में स्थायी अनुज्ञा प्राप्त कर सकेंगी।

संलग्न- फोटो

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।