रीवा को आधुनिक सीवरेज व्यवस्था की सौगात: उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने 9 एमएलडी एसटीपी का किया लोकार्पण, स्वच्छ और स्वस्थ शहर की दिशा में बढ़ा कदम
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अमृत 2.0 के तहत विकसित प्लांट से सीवेज का होगा वैज्ञानिक उपचार, 9,050 हाउस सर्विस कनेक्शन प्रस्तावित; अब तक 6,206 कनेक्शन पूरे
रीवा/भोपाल, 18 अक्टूबर। रीवा में स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती देने की दिशा में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने 9 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का लोकार्पण किया। नगर पालिक निगम रीवा द्वारा अमृत 2.0 के अंतर्गत विकसित इस परियोजना से शहर में सीवेज के व्यवस्थित संग्रहण और वैज्ञानिक उपचार की व्यवस्था को विस्तार मिलेगा। उप मुख्यमंत्री ने प्लांट का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली और इसे स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

लोकार्पण के दौरान अधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल को सीवेज के संग्रहण, उपचार और शोधन की प्रक्रिया के साथ प्लांट में स्थापित तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। परियोजना की उपचार क्षमता 9 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) है। सीवेज को व्यवस्थित रूप से एकत्रित कर उपचारित करने के लिए इसमें तीन इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन (आईपीएस) का प्रावधान किया गया है।
परियोजना के तहत रीवा के वार्ड क्रमांक 2, 3, 4 और 5 को सीवरेज सुविधा से जोड़ना प्रस्तावित है। इसके अंतर्गत कुल 9,050 हाउस सर्विस कनेक्शन किए जाने हैं। अब तक 6,206 कनेक्शन पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष 2,844 कनेक्शन किए जाना प्रस्तावित है। योजना में एजी कॉलेज ग्राउंड क्षेत्र में 4,183, खैरा बस्ती स्थित आईपीएस-1 से 2,697, धीर्मा नाला स्थित आईपीएस-2 से 1,895 और हमीदिया कॉलोनी स्थित आईपीएस-3 से 275 कनेक्शन प्रस्तावित हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि इस सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का प्रमुख उद्देश्य शहर से निकलने वाले सीवेज का व्यवस्थित संग्रहण और वैज्ञानिक तरीके से उपचार करना है। इससे बिना उपचारित सीवेज के कारण होने वाले जल एवं पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयासों को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रीवा में आधुनिक सीवरेज प्रबंधन, बेहतर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। 9 एमएलडी एसटीपी का लोकार्पण शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और वैज्ञानिक सीवरेज व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने एसटीपी परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार का संदेश दिया। उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
लोकार्पण कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, निगम आयुक्त श्री अक्षत जैन, पार्षद श्री राजीव शर्मा, श्री दारा सिंह, कार्यपालन यंत्री श्री राजेश सिंह, सहायक यंत्री श्री राजेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संविदाकार और आम नागरिक उपस्थित रहे।