अपराध

5 रुपए के ट्रैक्टर वाले नोट के बदले 1 करोड़ मिलने का झांसा

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 8 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
5 रुपए के ट्रैक्टर वाले नोट के बदले 1 करोड़ मिलने का झांसा

भास्कर न्यूज | कवर्धा इंस्टाग्राम पर पुराने नोट-सिक्कों के बदले करोड़ों रुपए मिलने का लालच एक युवक को भारी पड़ गया। 5 रुपए के ट्रैक्टर वाले नोट और वैष्णो देवी छाप सिक्के की फोटो वाट्सएप पर भेजने के बाद ठगों ने अलग- अलग बहाने बनाकर 1.68 लाख रुपए ऐंठ ली। मामला तरेगांव जंगल क्षेत्र के ग्राम लब्दा का है।

गांव निवासी रतन धुर्वे(25) ने पुलिस को बताया कि 5 अगस्त को वह इंस्टाग्राम पर रील देख रहा था। इसमें पुराने 5 रुपए के सिक्के के बदले 85 लाख और 5 रुपए के ट्रैक्टर वाले पुराने नोट के बदले 1 करोड़ रुपए मिलने का दावा किया था। रतन ने रील में दिए नंबर पर संपर्क किया। सामने वाले ने खुद को मुंबई का निवासी बताया व पुराने नोट के बदले 74 लाख रुपए का भुगतान करने की बात कही।

आरोपी ने नोट और सिक्के की फोटो वाट्सएप पर मंगवाई व अलग-अलग फीस के नाम पर पैसे जमा कराने शुरू कर दिए। ठगों ने शुरुआत में केवल 550 रुपए मांगे। इसके बाद हर बार नया बहाना बनाकर पैसे जमा कराए गए। 5 अगस्त को गवर्नमेंट फीस के नाम पर 550 रुपए जमा कराए। 6 अगस्त को जिले में वेरिफिकेशन, डिलीवरी बॉय के रहने-खाने और कस्टम ड्यूटी के नाम पर 14 किस्तों में 65,019 रुपए लिए।

7 अगस्त को डिलीवरी वाहन के जीपीएस रिचार्ज के नाम पर 12,700 रुपए जमा करवाए। 8 अगस्त को वाहन का इंजन वेरिफिकेशन कराने के नाम पर 25,000 रुपए लिए। वहीं 10 और 11 अगस्त को इनकम टैक्स और पुलिस द्वारा डिलीवरी वाहन जब्त किए जाने का डर दिखाकर रसीद बनवाने के नाम पर 65,000 रुपए और वसूल लिए। सोशल मीडिया पर पुराने नोट या सिक्के बेचकर लाखों-करोड़ों रुपए दिलाने वाले विज्ञापनों पर भरोसा न करें।

साथ ही कोई अनजान व्यक्ति फीस, टैक्स, कस्टम ड्यूटी, वेरिफिकेशन या डिलीवरी के नाम पर पैसे मांगे, तो भुगतान न करें। पुराने नोट की फोटो भेजने से पहले भी पूरी तरह जांच कर लें और अनजान यूपीआई आईडी पर रकम ट्रांसफर न करें।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।