सहारनपुर में नकली टाटा चाय बेच रहे थे दो दुकानदार:बेहट में कंपनी के अधिकारी ने की कार्रवाई, छापेमारी में 238 पैकेट बरामद; कॉपीराइट एक्ट में मुकदमा दर्ज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →सहारनपुर में बेहट कस्बे में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के नाम से नकली चाय बेचने के मामले में पुलिस ने दो दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी शिवम गुप्ता ने पुलिस के साथ दो दुकानों पर जांच की। इस दौरान दोनों दुकानों से टाटा प्रीमियम टी और टाटा टी अग्नि के कुल 245 पैकेट बरामद किए गए।
कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञ ने जांच के बाद चाय के उत्पादों को नकली बताया। दोनों दुकानदार बरामद चाय से संबंधित पक्का बिल भी नहीं दिखा सके। कंपनी की ओर से अधिकृत जांच अधिकारी शिवम गुप्ता ने बेहट थाने में दी तहरीर में बताया कि कंपनी को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के कुछ थोक और फुटकर दुकानदार टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के नाम और पैकिंग का इस्तेमाल कर नकली चाय की बिक्री और सप्लाई कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर वह 30 सितंबर को पुलिसकर्मियों के साथ बेहट क्षेत्र में जांच के लिए पहुंचे। पहली दुकान से 188 पैकेट मिले जांच टीम सबसे पहले रहीम एंड सन्स प्रतिष्ठान पर पहुंची। यहां दुकान के मालिक तैय्यब रहीम निवासी मोहल्ला मनिहारान मिले। जांच के दौरान दुकान से टाटा टी प्रीमियम के 30 ग्राम के 90 पैकेट, 100 ग्राम के 11 पैकेट, 250 ग्राम के 17 पैकेट और एक किलो के 3 पैकेट मिले।
इसके अलावा टाटा टी अग्नि के 90 ग्राम के 51 पैकेट और 250 ग्राम के 16 पैकेट बरामद हुए। इस दुकान से कुल 188 पैकेट मिले। पूछताछ में दुकान संचालक बरामद चाय से संबंधित कोई पक्का बिल नहीं दिखा सका। जांच अधिकारी ने बरामद माल में से टाटा प्रीमियम टी 250 ग्राम का एक पैकेट नमूने के तौर पर अलग किया।
बाकी माल को प्लास्टिक बैग में रखकर सील किया गया। नमूने को भी अलग से पैक कर सील किया गया। दूसरी दुकान से 57 पैकेट बरामद इसके बाद टीम मुख्य बाजार स्थित अग्रवाल ट्रेडर्स पर पहुंची। यहां दुकान के मालिक संयम कुमार मिले। जांच के दौरान दुकान से टाटा टी प्रीमियम के 100 ग्राम के 45 पैकेट, 250 ग्राम के 7 पैकेट और एक किलो के 5 पैकेट मिले।
इस दुकान से कुल 57 पैकेट बरामद किए गए। पूछताछ में दुकान संचालक ने बरामद चाय का कोई पक्का बिल नहीं दिखाया। उसने यह भी बताया कि उसे जानकारी नहीं है कि उसने यह माल किससे खरीदा था। यहां से भी 250 ग्राम टाटा प्रीमियम टी का एक पैकेट नमूने के लिए अलग किया गया और बाकी माल को सील कर दिया गया।
असली पैकेट से किया गया मिलान कंपनी के अधिकृत तकनीकी विशेषज्ञ ने दोनों दुकानों से मिले उत्पादों की जांच की। तहरीर के मुताबिक जांच में दोनों दुकानों से मिले उत्पाद नकली पाए गए। कंपनी की ओर से नकली और असली उत्पाद के मिलान के लिए टाटा प्रीमियम टी 250 ग्राम का एक असली पैकेट भी उपलब्ध कराया गया।
नकली उत्पादों के नमूने और असली पैकेट को अलग-अलग पैक कर सील किया गया। सभी बरामद उत्पाद, नमूने और असली उत्पाद को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। कंपनी की ओर से जांच की विश्लेषण रिपोर्ट भी पुलिस को दी गई है। कॉपीराइट एक्ट में मुकदमा दर्ज पुलिस ने तहरीर के आधार पर तैय्यब रहीम और संयम कुमार के खिलाफ टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के नकली उत्पादों की खरीद-फरोख्त के मामले में कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और 65 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अब बरामद चाय के स्रोत और इसे दुकानों तक पहुंचाने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
📡 स्रोत: NewsData.io