राज्य

सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान अभियान शुरू

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान अभियान शुरू

खैरथल-तिजारा में ‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान के तहत पोस्टर विमोचन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्कूली विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार, स्वस्थ टिफिन, मिलावट की पहचान और खाद्य सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई।

खैरथल-तिजारा, 3 अक्टूबर। ‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान के तहत शनिवार को खैरथल-तिजारा जिले में पोस्टर विमोचन और जागरूकता कार्यक्रम के साथ अभियान की शुरुआत की गई। राजस्थान सरकार की ओर से 3 से 16 अक्टूबर तक चलाए जा रहे अभियान का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित, पौष्टिक और संतुलित खान-पान के प्रति जागरूक करना है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के दिशा-निर्देशन में अभियान की शुरुआत पीएम श्री राजकीय विद्यालय, खैरथल से हुई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ‘हेल्दी थाली’, पौष्टिक आहार, स्वस्थ टिफिन, पौष्टिक नाश्ते और श्री अन्न के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही भोजन से पहले और बाद में हाथ धोने के सही तरीके तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान को लेकर भी जागरूक किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के नोडल अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि अभियान के प्रारंभिक चरण में 3 से 5 अक्टूबर तक सरकारी और निजी विद्यालयों में ‘स्कूल ईट राइट डे’ के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पीएम श्री राजकीय विद्यालय की रसोई का निरीक्षण कर साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम ने स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षित खाद्य सामग्री के उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रधानाचार्य सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के मनीष शर्मा, बबीता और सुभाष यादव मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।