सही मतदाता सूची लोकतंत्र का मूल आधार : केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 5 नवंबर। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को संवैधानिक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि सही मतदाता सूची लोकतंत्र का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 से मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण होता रहा है और कांग्रेस के शासनकाल में भी यह प्रक्रिया जारी रही है।
वैष्णव गुरुवार को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने एसआईआर को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ईवीएम ने फर्जी मतदान और बूथ कैप्चरिंग रोकने में भूमिका निभाई है तथा इससे देश की चुनाव प्रक्रिया मजबूत हुई है।
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस के बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर संसद में बहस के लिए तैयार होना चाहिए। वैष्णव ने कहा कि सरकार इस विषय पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाने को भी तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान में विश्वास करने के बजाय वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता देती है।