सक्ती में 11 सितंबर को होगा भव्य आयोजन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सक्ती, 8 सितंबर 2026
सक्ती जिले के ग्राम जेठा में 11 सितंबर को वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इसकी अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों का गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी और लखपति दीदी सम्मेलन होगा। इस दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन-शिलान्यास भी किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कल कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सर्वप्रथम कार्यक्रम के लिए तैयार किए गए रूट मैप का अवलोकन किया। इसके बाद मुख्य मंच, टेंट एवं पंडाल, दर्शक दीर्घा, पत्रकार दीर्घा, अतिथियों एवं आमजनों की बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, बायो टॉयलेट, बैरिकेटिंग, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा अतिथियों के आगमन एवं निकासी से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक व्यवस्था की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों, हितग्राहियों और आमजनों की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।