सलूंबर में सेक्टर अधिकारियों को ईवीएम संचालन का प्रशिक्षण दिया:मॉक पोल, मतदान केंद्रों की व्यवस्था की जानकारी दी, केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर पंचायत समिति सलूंबर के सभागार में सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। इसमें अधिकारियों को ईवीएम संचालन, मॉक पोल, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद ने अधिकारियों को निर्वाचन कार्य गंभीरता और आपसी समन्वय के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
ईवीएम की प्रक्रिया समझाई, मॉक पोल पर जोर प्रशिक्षण के दौरान डिस्ट्रिक्ट लेवल मास्टर ट्रेनर ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान दिवस पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों के बारे में बताया। अधिकारियों को ईवीएम की हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग भी दी गई। इसमें ईवीएम कमीशनिंग, पोल टेस्टिंग, मॉक पोल और मशीनों की सीलिंग की प्रक्रिया समझाई गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ईवीएम की जांच निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार की जाए, ताकि मतदान के दिन तकनीकी समस्या नहीं आए। उपजिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.दिनेश राय सापेला ने मॉक पोल के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत ईवीएम में शून्य मत सुनिश्चित करने के बाद ही मतदान शुरू कराने के निर्देश दिए।
मतदान केंद्रों का करेंगे भौतिक सत्यापन जिला निर्वाचन अधिकारी ने सेक्टर अधिकारियों को अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों से संबंधित सूचनाएं अद्यतन रखें। किसी भी प्रकार की कमी सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर समय पर समाधान करवाएं।
उन्होंने एरिया मजिस्ट्रेट को मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करने तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट को पुलिस मोबाइल पार्टी के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी नजर निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों और बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि किसी भी विवाद या अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई करें। अधिकारियों के बीच संवाद और सूचनाओं का आदान-प्रदान समय पर होना चाहिए। प्रशिक्षण में शिकायतों के त्वरित निस्तारण, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951के प्रावधानों, मतदान केंद्रों की सुरक्षा तथा निर्वाचन ड्यूटी से जुड़े दस्तावेज पूरे रखने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.दिनेश राय सापेला सहित सेक्टर अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
📡 स्रोत: NewsData.io