देश

समंदर का शहंशाह 'समर्थक'! नौसेना के बेड़े में आज होगा शामिल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 16 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
समंदर का शहंशाह 'समर्थक'! नौसेना के बेड़े में आज होगा शामिल

16 अक्टूबर, नई दिल्ली: भारतीय नौसेना आज कारवार स्थित नौसैनिक अड्डे पर बहुउद्देश्यीय युद्धपोत 'समर्थक' को अपने बेड़े में शामिल करने वाली है। केंद्र सरकार की मेक इन इंडिया पहल के तहत लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड द्वारा निर्मित, समर्थक युद्धपोत भारतीय नौसेना में शामिल होने वाले चार बहुउद्देश्यीय जहाजों में पहला पोत है।

युद्धपोत समर्थक को नौ सेना के बेड़े में शामिल करना भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। यह पोत नौसेना के भविष्य के रणनीतिक अभियानों के साथ ही उपयोगिता के नजरिए से एक आदर्श जहाज सिद्ध होगा।

मुख्य रूप से समुद्री निगरानी और गश्त के लिए तैयार किया गया समर्थक, कम तीव्रता वाले समुद्री संचालन, लक्ष्य तैनाती और परीक्षण प्लेटफॉर्म, मानवरहित स्वायत्त प्रणाली मदरशिप, मानवीय सहायता और आपदा राहत तथा सीमित अस्पताल में रूपांतरित होने और बचाव कार्यों में सक्षम है।

स्वदेशी हथियारों, सेंसरों, रडार और इलेक्ट्रॉनिक प्रणालियों से युक्त यह पोत विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण समुद्री वातावरण में संचालन के लिए पूरे तरीके से उपयुक्त है। इस युद्धक पोत का आदर्श वाक्य है: "विजयार्थम् एकनिष्ठता" अर्थात विजय ही हमारा एकमात्र उद्देश्य है। वीडियो- https://x.com/IndiannavyMedia/status/2110946653167665412

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।