राज्य

संपर्क पोर्टल की समीक्षा, 15 दिन से पुराने प्रकरण निपटाने के निर्देश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
संपर्क पोर्टल की समीक्षा, 15 दिन से पुराने प्रकरण निपटाने के निर्देश

बीकानेर कलेक्टर निशांत जैन ने संपर्क पोर्टल की समीक्षा कर 15 दिन से अधिक लंबित परिवेदनाओं के प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश दिए। सितंबर में परिवेदनाओं के निस्तारण का औसत समय 18 दिन रहा, जबकि बीकानेर की राज्य में 13वीं रैंकिंग रही।

बीकानेर, 5 अक्टूबर। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संपर्क पोर्टल की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की परिवेदनाओं का 15 दिन के भीतर गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने 15 दिन से अधिक समय से लंबित सभी प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कम संतुष्टि स्तर वाले विभागों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करने और शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में कलेक्टर ने निर्धारित समय से पहले परिवेदनाओं का निस्तारण करने वाले विभागों के कार्य की सराहना भी की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि केवल प्रकरण बंद करना ही उद्देश्य न हो, बल्कि परिवादी को वास्तविक और संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में बताया गया कि सितंबर माह में बीकानेर जिले में परिवेदनाओं के निस्तारण का औसत समय 18 दिन रहा। वहीं संपर्क पोर्टल के निस्तारण के मामले में बीकानेर की राज्य में 13वीं रैंकिंग रही।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे और संबंधित विभागों की लंबित परिवेदनाओं तथा उनके निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।