राज्य

सांस अभियान के तहत जयपुर प्रथम में बाल स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष जोर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 12 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
सांस अभियान के तहत जयपुर प्रथम में बाल स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष जोर

28 फरवरी 2027 तक घर-घर पहुंचकर पांच वर्ष तक के बच्चों में निमोनिया की पहचान, बचाव एवं समय पर उपचार के लिए चलेंगा विशेष जागरूकता गतिविधिया

जयपुर प्रथम, 12 नवम्बर। पांच वर्ष तक के बच्चों को निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाने, समय पर लक्षणों की पहचान, समुचित उपचार एवं आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थान में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जयपुर प्रथम जिले में 12 नवंबर 2026 से सांस अभियान के तहत विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी। यह अभियान आगामी 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। इसके साथ ही 15 से 21 नवंबर 2026 तक राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह का आयोजन भी किया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से नवजात एवं पांच वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि सांस अभियान के अंतर्गत जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार और गंभीर स्थिति में उच्च चिकित्सा संस्थान तक भेजने पर विशेष जोर रहेगा। इसके लिए चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंगकर्मियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं आशा सहयोगिनियों को अभियान की गतिविधियों के संबंध में प्रशिक्षित किया जाएगा।

अभियान के दौरान आशा सहयोगिनियों द्वारा नियमित रूप से घर-घर जाकर पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की पहचान की जाएगी। बच्चों में खांसी, तेज सांस चलना, छाती में धंसाव, सांस लेने में परेशानी तथा दूध या अन्य तरल पदार्थ पीने में असमर्थता जैसे लक्षणों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। संभावित निमोनिया से ग्रसित बच्चों को निर्धारित उपचार पद्धति के अनुसार उपचार उपलब्ध करवाने के साथ आवश्यकता होने पर उच्च चिकित्सा संस्थान में भेजा जाएगा।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. महेश चौधरी ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में निमोनिया के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों, ऑक्सीजन एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उप जिला अस्पतालों में निमोनिया से ग्रसित बच्चों के उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।

अभियान के प्रमुख घटक रोकथाम, सुरक्षा एवं उपचार के तहत बच्चों में निमोनिया की रोकथाम और उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अंतर्गत पेंटावेलेंट एवं न्यूमोकोकल टीके की सभी निर्धारित खुराक सुनिश्चित करने के साथ बच्चों के नियमित टीकाकरण को बढ़ावा दिया जाएगा।

वहीं, 15 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह के दौरान नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल, स्तनपान को प्रोत्साहन, नवजात संक्रमणों की रोकथाम, समय पर स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अभिभावकों एवं समुदाय को जागरूक किया जाएगा।"स्माल बेबीज़, बिग पोटेंशियल" थीम पर आयोजित होने वाले इस सप्ताह में स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से नवजात शिशुओं की देखभाल एवं उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग की अपील अभिभावक बच्चों में खांसी, तेज सांस चलने, छाती में धंसाव या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल करें तथा नियमित टीकाकरण अवश्य करवाएं। समय पर पहचान, उचित उपचार और जागरूकता से बच्चों को निमोनिया के गंभीर परिणामों से बचाया जा सकता है।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

सांस अभियान के तहत जयपुर प्रथम में बाल स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यह पहल 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर पाँच वर्ष तक के बच्चों में निमोनिया की पहचान, बचाव और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए चलने वाली विशेष जागरूकता गतिविधि है। यह विषय महत्वपूर्ण है क्योंकि निमोनिया बच्चों में मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है और समय पर पहचान व उपचार से रोग की गंभीरता घटाई जा सकती है। इस अभियान से आम जनता को बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, रोग की रोकथाम और शीघ्र उपचार के महत्व

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।