देश

संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी का लेख

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी का लेख

26 नवंबर, नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के मौके पर एक लेख लिखा है। इस लेख में पीएम मोदी ने आपातकाल, संविधान संशोधनों और अनुच्छेद 370 का जिक्र करते हुए तत्कालीन नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने तत्कालीन सरकारों की सोच को सत्ता का भूखा और संविधान विरोधी करार दिया।पीएम मोदी ने अपने लेख में लिखा कि इस वर्ष 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन के 75 साल पूरे हो चुके हैं।

उस समय देश में एक ऐसी सरकार थी, जिसे जनता ने चुनकर नहीं भेजा था। उस सरकार ने अंतरिम संसद में अपने बहुमत का इस्तेमाल करके नागरिकों की मौलिक आजादी छीन ली थी। यह संशोधन देश के पहले आम चुनाव से कुछ ही महीने पहले किया गया था। इससे साफ है कि इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करना और लोगों के विरोध की आवाज को दबाना था।पीएम मोदी ने आगे लिखा कि आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन के भी 50 साल पूरे हो रहे हैं।

इस संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्ति को सीमित किया और देश की संस्थाओं के बीच शक्तियों के संतुलन को बुनियादी रूप से बदल दिया। उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का भी अध्ययन करने की अपील की, ताकि वे समझ सकें कि सत्ता की लालची और संविधान-विरोधी सोच रखने वाली सरकार किस स्तर तक जा सकती है।प्रधानमंत्री ने चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 के बार-बार दुरुपयोग का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि एक राजनीतिक दल के नाम करीब सौ बार अनुच्छेद 356 थोपने का रिकॉर्ड दर्ज है। एक पूर्व प्रधानमंत्री ने तो इस मामले में अर्धशतक भी लगाया है।संविधान निर्माण में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए पीएम मोदी ने महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दे पर भी विपक्ष को आड़े हाथों लिया।

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक को विपक्ष के एक प्रमुख दल ने पारित नहीं होने दिया। इससे उसने फिर दिखाया कि संवैधानिक मूल्यों के प्रति उसके मन में कितना कम सम्मान है।पीएम मोदी ने लिखा, "मैं नारी शक्ति को भरोसा दिलाता हूं कि उन्हें न्याय दिलाने के हमारे संकल्प को दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती।

हमारे संवैधानिक लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका स्पष्ट रूप से तय है। दुर्भाग्य से विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी आज विरोध पक्ष से ज्यादा अवरोध पक्ष बनती जा रही है।" (सोर्स- www.narendramodi.in)

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।