संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारें - राज्यपाल श्री पटेल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि भारत जैसे विविधता से परिपूर्ण देश में संविधान के मूल्यों को संसद और न्यायालयों की सीमाओं से आगे ले जाकर जन-जन तक पहुंचाना अत्यन्त आवश्यक है। युवाओं को संविधान के प्रति सम्मान और महत्व से परिचित कराना चाहिए। संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारने की प्रेरणा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं में संविधान के प्रति जुड़ाव को और अधिक गहरा करने के विशेष और निरंतर प्रयास किए जाएं। ऐसे प्रयास राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करते हैं। आत्मनिर्भर और विकसित भारत के नव निर्माण का आधार बनते है।
राज्यपाल श्री पटेल ने संविधान दिवस के अवसर पर संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने संविधान सभा के सभी सदस्यों का पुण्य स्मरण भी किया। संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के नाम पर स्थापित विश्वविद्यालय की सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब समानता, स्वतंत्रता, बंधुता और सामाजिक न्याय के मूल्य हमारी शिक्षण पद्धति, शोध और दैनिक व्यवहार में दिखाई देंगे। केवल सामाजिक समरसता की बात करना पर्याप्त नहीं बल्कि हम सबको अपने व्यवहार में भी इसे उतारना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षित व्यक्ति के व्यवहार में संवेदनशीलता, आत्मीयता और समानता का भाव होना अत्यंत आवश्यक है। किसी व्यक्ति के गरीब होने, साधारण कपड़े पहनने या वंचित समुदाय से आने के कारण उसके प्रति मन में कभी भेदभाव नहीं आना चाहिए।
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि दीक्षांत समारोह, विद्यार्थियों की केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की प्रगति का मूल्यांकन और भविष्य की दिशा निर्धारित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। समारोह में ली गई प्रतिज्ञा को केवल एक दिन नहीं बल्कि 365 दिन पालन करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन में खूब आगे बढ़ें, अच्छा प्लेसमेंट और सफलता प्राप्त करें। लेकिन व्यक्तिगत प्रगति में अपने माता-पिता, समाज और देश को कभी नहीं भूलें।
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रत्येक विद्यार्थी को चिंतन करना चाहिए कि वह भारत को विकसित बनाने में अपना क्या योगदान दे सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया और कहा कि नशामुक्त भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब युवा स्वयं नशे से दूर रहकर दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे। राज्यपाल श्री पटेल ने समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन कर किया। उन्होंने दीक्षांत समारोह की स्मारिका का विमोचन भी किया।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक क्रांति और समानता का सबसे सशक्त माध्यम बनाया। उनकी जन्मभूमि महू में संविधान दिवस पर आयोजन गौरव का पल है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, शोध और नवाचार का उपयोग समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान तथा राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।